पकड़े जाने से पहले दोनों ने खाया जहर

जीने मरने की कसमें खाकर लखनऊ से नोएडा आया कपल : पकड़े जाने से पहले दोनों ने खाया जहर

पकड़े जाने से पहले दोनों ने खाया जहर

Tricity Today | अस्पताल में भर्ती

Noida News : वो कहते हैं न प्यार में लोग कुछ भी कर जाते है। ऐसे ही लखनऊ के कपल ने किया है। साथ जीने मरने की कसम खाकर लखनऊ से नोएडा भागकर आए कपल ने पकड़े जाने से पहले खुद को खत्म करने की कोशिश की। दरअसल, लखनऊ से एक प्रेमी जोड़ा घर से भागकर नोएडा पहुंच गया। इस बात की भनक प्रेमी युगल के परिजनों को लग गई थी। उसके बाद दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस लखनऊ से नोएडा पहुंची। प्रेमी जोड़े को पुलिस की भनक लग गई तो दोनों ने जहरीला पेय पी लिया। जब पुलिस दोनों को नोएडा से लखनऊ ले जा रही थी, उसी दौरान दोनों की तबीयत बिगड़ गई। इस बात से पुलिस की टीम घबरा गयी। 

क्या है पूरा मामला
लखनऊ पुलिस ने नोएडा में दबिश देकर एक प्रेमी जोड़े को पकड़ा था। नाबालिग और उसके प्रेमी को लेकर लखनऊ पुलिस नोएडा से लखनऊ जा रही थी, लेकिन आगरा पहुंचने पर दोनों को उल्टियां होने लगी। दोनों को आगरा पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों ने जहरीला पेय पी लिया था। प्रेमी जोड़ा खतरे से बाहर है। 

पकड़े जाने से पहले ही खा लिया था जहर
एक प्रेमी जोड़े ने लखनऊ पुलिस के हाथ-पांव फुला दिए। दोनों ने पकड़े जाने से पहले ही जहर खा लिया था। कार में उल्टियां होने पर पुलिस ने अधिकारियों को सूचना दी। आगरा पुलिस की मदद से प्रेमी जोड़े को शनिवार सुबह इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका हाल-चाल लेने एसीपी कोतवाली सुकन्या शर्मा खुद पहुंची। 

दर्जी के पास जाने का बहाना बनाकर निकली थी नाबालिग
लखनऊ के थाना काकोरी में 30 मार्च को गांव करीमाबाद निवासी एक शख्स ने अपनी 16 वर्षीय बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। नाबालिग के पिता ने बताया था कि बेटी अपने कपड़ों की फिटिंग कराने दर्जी के पास जाने को कह कर गयी थी। लेकिन, कई घंटों तक घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद काकोरी पुलिस नाबालिग की तलाश में जुट गई। 

नोएडा मिली प्रेमी जोड़े की लोकेशन
पुलिस की जांच में पता चला कि गांव के रहने वाला गुड्डू का बेटा शेखर, लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। थाना काकोरी पुलिस को दोनों की लोकेशन नोएडा स्थित एक फ्लैट में मिली। काकोरी थाने से एक दरोगा, 2 अंडरट्रेनी दरोगा और दो महिला सिपाही प्रेमी जोड़े की तलाश में निजी कार से नोएडा गए थे। प्रेमी जोड़े को एक फ्लैट से पकड़ लिया गया। 

कार में ही होने लगीं उल्टियां
पुलिस जब प्रेमी जोड़े को लेकर एक्सप्रेसवे से आगरा स्थित खंदौली कट के पास पहुंची, तभी प्रेमी जोड़े को कार में उल्टियां होने लगीं। दोनों धीरे-धीरे बेहोश होने लगे। यह देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। दरोगा ने लखनऊ अपने अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। उसके बाद लखनऊ के अधिकारियों ने आगरा पुलिस को सूचना दी। तत्काल एसीपी सुकन्या शर्मा खंदौली पहुंची। एम्बुलेंस की मदद से प्रेमी जोड़े को थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

प्रेमी जोड़े ने डॉक्टरों को बताई असल कहानी
चिकित्सकों की प्राथमिक जांच में पता चला कि प्रेमी जोड़े को पुलिस के आने की भनक लग गयी थी। इसलिए दोनों ने जहर खा लिया था। दोनों अपनी जान देना चाहते थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से दोनों की जान बच गयी। पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को सूचना दे दी है। वे भी आगरा पहुंच रहे हैं।

अस्पताल में एसीपी ने जाना हाल 
एसीपी सुकन्या शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर प्रेमी जोड़े का हाल जाना। दोनों से बात कर पूरी मदद करने का भरोसा दिलाया। पुलिस की देख-रेख में प्रेमी जोड़े का उपचार चल रहा है। दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.