किसान नेता भानू प्रताप सिंह को गिरफ्तार करने की मांग, योगी आदित्यनाथ को दी थी गाली

नोएडा मीडिया क्लब में प्रेस कांफ्रेंस : किसान नेता भानू प्रताप सिंह को गिरफ्तार करने की मांग, योगी आदित्यनाथ को दी थी गाली

किसान नेता भानू प्रताप सिंह को गिरफ्तार करने की मांग, योगी आदित्यनाथ को दी थी गाली

Tricity Today | नोएडा मीडिया क्लब में प्रेस कांफ्रेंस

Noida News : नोएडा में तथाकथित किसान नेता ठाकुर भानू प्रताप सिंह के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। ठाकुर भानू प्रताप सिंह के द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी भाजपा को गाली देने का ऑडियो खूब वायरल हो रहा हैं। ठाकुर भानू प्रताप सिंह के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग नोएडा में एक प्रेस कांफ्रेंस में की गई। 

किसानों ने किया था भाजपा का समर्थन, फिर भी...
आपको बता दें कि सेक्टर-29 में नोएडा मीडिया क्लब स्थापित है। शनिवार को नोएडा मीडिया क्लब में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई है। प्रेस कांफ्रेंस में ठाकुर भानू प्रताप सिंह के संगठन भारतीय किसान यूनियन (भानू) के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक देवेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि उन्होंने यूनियन के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी महेंद्र सिंह के साथ दिल्ली जाकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने के लिए पत्र दिया था। इस बात की जानकारी मिलने पर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह नाराज हो गए।

भानु प्रताप सिंह ने लोगों को धमकाया
उन्होंने आगे बताया कि एक अप्रैल को वह अपने साथियों के साथ ग्रेटर नोएडा स्थित जीएल बजाज कॉलेज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा में हिस्सा लेने के लिए भी पहुंचे थे। इस दौरान ठाकुर भानु प्रताप ने उन्हें कॉल की थी। वार्तालाप के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा को गंदी गाली देकर अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिए जाने पर उन्हें ठाकुर भानु प्रताप सिंह द्वारा धमकाया गया। 

वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग
देवेंद्र त्यागी के मुताबिक यूनियन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राष्ट्रीय प्रचार मंत्री द्वारा भी उन्हें व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर ही भाजपा को अपना समर्थन दे रहे हैं। भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा फोन पर गाली और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने के लिए शिकायती पत्र दिया गया है। इसके अलावा ऑडियो की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। 

योगी आदित्यनाथ के नाम सौंपा पत्र
इस मौके पर भाकियू भानू के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी महेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुरेंद्र त्यागी, निर्दोष त्यागी, सुभाष, मनोज कुमार त्यागी आदि मौजूद थे। किसान नेता देवेन्द्र कुमार त्यागी और महेन्द्र सिंह ने एक पत्र भी पत्रकारों को सौंपा है। यह पत्र उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.