बाजारों में सादा वर्दी में हुई तैनाती, भीड़ भरे इलाकों पर कंट्रोल रूम की नजर

नोएडा में हाईअलर्ट पर पुलिस : बाजारों में सादा वर्दी में हुई तैनाती, भीड़ भरे इलाकों पर कंट्रोल रूम की नजर

बाजारों में सादा वर्दी में हुई तैनाती, भीड़ भरे इलाकों पर कंट्रोल रूम की नजर

Google Image | Symbolic Image

Noida News : गौतमबुद्ध नगर पुलिस हाईअलर्ट पर है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तमाम बाजारों व भीड़ भरे इलाकों में सादा वर्दी वाले पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इतना ही नहीं बम डिस्पोजल स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड को भी स्टैंडबाई मोड पर रखा गया है। यह सारे इंतजाम गणतंत्र दिवस के मद्देनजर किए गए हैं। शहर की तमाम सड़कों और सीमावर्ती इलाकों की पुलिस नियंत्रण कक्ष सीसीटीवी लाइव फीड के जरिए निगरानी कर रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह पूरी सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखे हुए हैं।

होटल, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड पर चौकसी
सादी वर्दी में पुलिस मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात है। गणतंत्र दिवस से पहले अफसरों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों को तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा कि होटल, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और स्थानीय बाजारों में निरीक्षण किया जा रहा है। जहां विशेष रूप से गणतंत्र दिवस पर बड़ी भीड़ होती है।

लोगों से बात कर रहे हैं अफसर
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पूरे जिले के सभी होटलों, शॉपिंग मॉल, बाजारों और अन्य व्यस्त क्षेत्रों में जांच चल रही है। बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्ते लगाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) विशाल पांडेय ने यह जानकारी दी है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर प्रतिक्रिया लेने के लिए महिलाओं और बच्चों सहित निवासियों से भी बातचीत की। लोगों से आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया। एडिशनल डीसीपी ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हो, इसके लिए सभी उपाय किए गए हैं।

दिल्ली की सीमाओं पर जांच अभियान
पुलिस कर्मियों के अलावा सड़कों और बाजारों पर तीसरी आंख की नजर भी है। शहर में लगे एक हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम निगरानी कर रहा है। खासतौर से दिल्ली और हरियाणा की सीमाओं पर चौकसी है। कालिंदी कुञ्ज, डीएनडी फ्लाई ओवर और चिल्ला बॉर्डर पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस वाहनों की जांच कर रही है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। कोई भी शक होने ओर पहचान पत्र मांगे जा रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.