डॉ.महेश शर्मा के प्रतिनिधि सतपाल तालान ने किया नामांकन, पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ लड़ेंगे जिला पंचायत चुनाव

भाजपा में बगावत: डॉ.महेश शर्मा के प्रतिनिधि सतपाल तालान ने किया नामांकन, पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ लड़ेंगे जिला पंचायत चुनाव

डॉ.महेश शर्मा के प्रतिनिधि सतपाल तालान ने किया नामांकन, पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ लड़ेंगे जिला पंचायत चुनाव

Tricity Today | डॉ.महेश शर्मा के प्रतिनिधि सतपाल तालान ने किया नामांकन

UP Panchayat Chunav : गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में बगावत शुरू हो गई है। बुधवार को दूसरे चरण का नामांकन शुरू हुआ है। गौतमबुद्ध नगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दूसरे चरण में करवाया जा रहा है। पहले ही दिन भारतीय जनता पार्टी में बगावत के सुर सुनाई देने लगे हैं। गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि सतपाल तालान ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सतपाल ताला का कहना है कि वह जिला पंचायत का चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान रखने के लिए वह चुनाव लड़ रहे हैं। दरअसल, मंगलवार की सुबह जिला पंचायत के लिए नामांकन शुरू हुआ तो जिला मुख्यालय पर नामांकन करने वालों में पहला नाम सतपाल तालान का ही था। 

सतपाल तालान भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह मूल रूप से जेवर क्षेत्र में गोविंदगढ़ गांव के रहने वाले हैं। सतपाल तालान ने जिला पंचायत के वार्ड नंबर-5 से नामांकन दाखिल किया है। जिला पंचायत के लिए नामांकन दाखिल करने वाले वह पहले प्रत्याशी बने हैं। मंगलवार की सुबह जिला मुख्यालय पर उन्होंने अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड नंबर-5 से जिला महामंत्री अमित चौधरी को मैदान में उतारा है। सतपाल तालान भाजपा प्रत्याशी अमित चौधरी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। 

पार्टी के खिलाफ बगावत करने के मुद्दे पर सतपाल तालान ने कहा, "हम लोगों के सम्मान की सुध पार्टी को लेनी चाहिए थी। जरूरी नहीं कि मुझे टिकट दिया जाता। क्षेत्र में से किसी भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को टिकट दे देते। बाहरी उम्मीदवार लाकर हम लोगों के ऊपर थोप दिया गया है। जेवर क्षेत्र में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वर्षों से काम कर रहे हैं। अगर हम अपने गांव में पंचायत का चुनाव भी नहीं लड़ सकते तो फिर राजनीति करने का उद्देश्य क्या रह जाएगा? मैंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से बातचीत करके चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।"

उनका कहना है कि अभी तक उनसे पार्टी के किसी पदाधिकारी ने बात नहीं की है। अगर पार्टी बात करेगी तो वह वार्ड नंबर-5 से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार का विरोध जरूर करेंगे। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय भाटी का कहना है, "अभी थोड़ी देर पहले यह जानकारी मिली कि सतपाल तालान ने नामांकन दाखिल किया है। मैं उनसे बात करूंगा। इसके बाद पार्टी हाईकमान को भी जानकारी दूंगा। राज्य मुख्यालय से जो निर्देश मिलेंगे उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी।" 

आपको बता दें कि सतपाल तालान भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह अभी गौतमबुद्ध नगर से सांसद और पूर्व केंद्रीय संस्कृति मंत्री डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि भी हैं। सतपाल तालान की गिनती जिला भाजपा में अनुशासित और अच्छे नेताओं में होती है। दूसरी ओर यह जानकारी भी मिल रही है कि अभी गुरुवार को होने वाले नामांकन में भारतीय जनता पार्टी के और नेता भी चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। दरअसल, कई कद्दावर नेता भाजपा से टिकट मांग रहे थे। उन्हें दरकिनार करते हुए पार्टी ने युवा चेहरों पर दांव आजमाया है। जिससे स्थानीय स्तर पर बगावत शुरू हो गई है।

आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत उत्तर प्रदेश की सबसे छोटी जिला पंचायत है। यहां केवल 5 वार्डों पर चुनाव करवाया जा रहा है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी में पिछले 1 महीने से टिकट हासिल करने के लिए घमासान मचा हुआ था। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राज्य मुख्यालय ने मंगलवार को दूसरे चरण के लिए टिकटों की घोषणा की। पूरे प्रदेश में दोपहर तक उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी थी। गौतमबुद्ध नगर में फंसे पेंच के चलते देर शाम तक उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो सके। सांसद, विधायक और स्थानीय नेताओं से लेकर राज्य सरकार के कई मंत्री अपने-अपने चहेतों के लिए पैरवी कर रहे थे। दूसरी ओर मंगलवार को नामांकन का पहला दिन था। अभी भारतीय जनता पार्टी के किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है। जानकारी मिल रही है कि गुरुवार को पांचों उम्मीदवार एक साथ नामांकन करने पहुंचेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.