दशानन का वध होते ही देवताओं ने आकाश से की पुष्प वर्षा

नोएडा में रावण दहन के साथ मनाया दशहरा का त्योहार : दशानन का वध होते ही देवताओं ने आकाश से की पुष्प वर्षा

दशानन का वध होते ही देवताओं ने आकाश से की पुष्प वर्षा

Tricity Today | रामलीली का मंचन

Noida News : श्रीराम मित्रमंडल नोएडा रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला मंचन स्थल सेक्टर-62 के रामलीला मैदान में दसवें दिन विजयदशमी पर्व मनाया गया। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. महेश शर्मा एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह ने बाण चलाकर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों के साथ ही भ्रष्टाचार एवं सनातन धर्म विरोधियों के पुतलों का दहन किया। श्रीराम मित्र मंडल रामलीला समिति के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने मंच संचालन करते हुए सभी उपस्थितजनों का स्वागत किया।

बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है विजयदशमी
पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा ने कहा कि विजयदशमी का यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। रावण को उसके गलत कृत्य की सजा भगवान श्रीराम ने दी एवं उसका वध कर दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर ही समाज व देश का भला हो सकता है। क्षेत्रीय विधायक पंकज सिंह ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है। इससे समाज को एक नई दिशा मिलती है। यहां पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को भगवान श्रीराम का अनुसरण करना चाहिए। समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग एवं अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने सभी अतिथियों का सम्मान किया।

राम के हाथों वध होने के बाद परमधाम को जाता है दशानन
मेघनाद और कुंभकरण के वध के उपरांत रावण युद्व के लिए प्रस्थान करता है। रावण और राम सेना में भयंकर युद्व होने लगता है। अपनी सेना को विचलित देख धनुष उठाकर भयंकर युद्व करता है। इसके बाद लक्ष्मण व रावण का युद्व होता है। हनुमान जी रावण से युद्व करते हैं और हनुमान के एक घूसे के प्रहार से रावण मूर्छित हो जाता है। रावण पुनः शक्ति प्राप्त करने के लिए यज्ञ करता है, लेकिन वानर सेना उस यज्ञ का विध्वंस कर देती है। रावण व राम में भयंकर युद्व होने लगता है। तब विभीषण रामजी को बताते हैं कि इसकी नाभि कुण्ड में अमृत है। तब भगवान राम ने एक तीर छोड़ा, ‘सायक एक नाभि सर सोषा। अपर लगे भुज सिर कटि रोषा।’ भगवान उसकी नाभि में बाण मार देते हैं। रावण के सिर व भुजाएं कट जाती हैं और रावण पृथ्वी पर गिर जाता है। इस तरह रावण अपने कुल सहित भगवान के परमधाम को जाता है।

रावण का वध होते ही देवताओं ने की पुष्प वर्षा 
रावण का वध होते ही देवता आकाश से पुष्पों की वर्षा करते हैं। भगवान राम विभीषण का राजतिलक कर सिंहासन पर बैठाते हैं। हनुमान जी सीताजी को राम की विजय के बारे में बताते हैं। इसी के साथ दसवें दिन की लीला का समापन हुआ। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के बीच दशहरा पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

ये भी रहे मौजूद 
इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गर्ग, सलाहकार मनोज शर्मा, सह-कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्य नारायण गोयल, राजकुमार गर्ग, चौधरी रविन्द्र सिंह, तरुण राज, पवन गोयल, मुकेश गोयल, बजरंग लाल गुप्ता, एसएम गुप्ता, अजीत चाहर, गौरव मेहरोत्रा, आत्माराम अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता, गिरिराज बहेडिया, शांतनु मित्तल, सुधीर पोरवाल, मोतीराम गुप्ता, अर्जुन अरोड़ा, आरके उप्रेती सहित श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति के सदस्यगण व शहर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

बुधवार को होगा भरत मिलाप
श्रीराम मित्र मण्डल रामलीला समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता ने बताया कि 25 अक्तूबर को भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक आदि लीलाओं सहित संगीता गोयल, सोनिया गोयल एवं ज्योति गोयल के संयोजन मे डांडिया नृत्य का भव्य आयोजन किया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.