विद्युत निगम ने 50 हजार उपभोक्ताओं को भेजा आखिरी नोटिस, दी ये चेतावनी

अल्टीमेटम : विद्युत निगम ने 50 हजार उपभोक्ताओं को भेजा आखिरी नोटिस, दी ये चेतावनी

विद्युत निगम ने 50 हजार उपभोक्ताओं को भेजा आखिरी नोटिस, दी ये चेतावनी

Google Image | Electricity Corporation

Noida News : नोएडा विद्युत विभाग शहर में 50 हजार बकायेदारों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेने की तैयारी में है। इन सभी को बकाए बिल का भुगतान करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। 2 हफ्ते में सभी से बकाया राशि जमा करने के लिए कहा गया है। इसके बाद विद्युत निगम इन सभी के खिलाफ कार्रवाई करेगा। ऐसे सभी उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा सकते हैं। दरअसल ये उपभोक्ता तमाम प्रयासों के बावजूद पेंडिग बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं।

बताते चलें कि शहर में करीब तीन लाख विद्युत निगम के उपभोक्ता हैं। कोरोना वायरस महामारी के पूरे कालखंड में इनमें से हजारों उपभोक्ताओं ने बिल का भुगतान नहीं किया है। इन पर बिजली विभाग का करोड़ों रुपए बकाया है। विद्युत निगम बार-बार इन सभी को नोटिस भेजकर बाकी राशि का भुगतान करने के लिए कह रहा है। लेकिन ये सब उसकी अनदेखी कर रहे हैं। इसलिए विद्युत निगम ने अब ऐसे उपभोक्ताओं के साथ सख्ती करने का फैसला लिया है। 

दो हफ्ते का दिया वक्त
मुख्य अभियंता वीएन सिंह ने कहा, करीब 50 हजार उपभोक्ता लंबे वक्त से बार-बार नोटिस देने के बावजूद बकाए राशि का भुगतान नहीं कर रहे हैं। विद्युत निगम इनसे तमाम बार बकाया बिल जमा करने के लिए संपर्क कर चुका है। कंज्यूमर की तरफ से इस पर अमल नहीं किया जा रहा है। इसलिए इन्हें आखिरी चेतावनी दी गई है। ये अगले 2 हफ्ते में अगर भुगतान नहीं करते हैं, तो इन सभी के कनेक्शन काटे जाएंगे। बिजली आपूर्ति बाधित की जाएगी। इसके लिए विभाग ने पूरी योजना बना ली है।

ग्रामीण क्षेत्रों में 200 करोड़ से ज्यादा बकाया
विभाग के मुताबिक जनपद के शहरी क्षेत्रों में 100 करोड़ से ज्यादा और ग्रामीण क्षेत्रों में 200 करोड़ से ज्यादा का बिल बाकी है। नोएडा में करीब 3.50 लाख कुल उपभोक्ता हैं। इसमें सबसे ज्यादा घरेलू कनेक्शन के उपभोक्ता हैं। इसके बाद संस्थागत, औद्योगिक और वाणिज्यिक कंज्यूमर हैं। इन उपभोक्ताओं से विद्युत निगम को हर महीने 300-400 करोड़ का राजस्व प्राप्त होता है। पूरे प्रदेश में यह सबसे ज्यादा है। कोरोना संक्रमण की वजह से इन उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम का बिल बकाया होता चला गया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.