गाजियाबाद के बाद नोएडा में माली को सांप ने डंसा, आईसीयू में भर्ती

बड़ी खबर : गाजियाबाद के बाद नोएडा में माली को सांप ने डंसा, आईसीयू में भर्ती

गाजियाबाद के बाद नोएडा में माली को सांप ने डंसा, आईसीयू में भर्ती

Google image | Symbolic Image

Noida News : नोएडा की ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में सांप और आवारा कुत्तों के कारण लोग परेशान हैं। आएदिन ये किसी ना किसी को काट रहे हैं। हाल में सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसायटी में काम कर रहे माली को सांप ने डंस लिया। जिस वक्त माली सोसाइटी में पेड़ों की कटाई कर रहा था, उस वक्त यह हादसा हुआ है। मेंटेनेंस डिपार्टमेंट ने आनन-फानन में माली को सेक्टर-71 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

सोसाइटी में डर का माहौल
सोसायटी के अरुण शर्मा ने बताया कि पेड़ों की साफ सफाई के दौरान माली लक्ष्मण को सांप ने अंगुलियों पर डंस लिया। उंगलियां फूलने और अचेत होने की अवस्था में लोग उनको लेकर अस्पताल पहुंचे। इस घटना के बाद सोसाइटी के लोग डरे हुए हैं। साथ ही बच्चों को पार्क में भेजने से कतरा रहे हैं। उनका कहना है कि सोसाइटी में इससे पहले भी सांप देखा गया है। अगर सही समय पर कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हादसे बढ़ सकते हैं।

गाजियाबाद में मजदूर को काटा
मंगलवार की सुबह फर्श पर चटाई डालकर सो रहे 35 वर्षीय दीपक पुत्र सूरज को कोबरा सांप ने डंस लिया। दर्द होने पर दीपक ने शोर मचाया तो सांप तेजी से बाहर निकल गया। शोर सुनते ही पड़ोसी अनिल कुमार ने देखा तो दीपक के हाथ की अंगुली में सांप ने काट रखा था। हाथ में बंद लगाया और तुरंत संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल में दीपक को भर्ती कराया गया। ईएमओ डा. योगेंद्र कुमार ने दीपक का इलाज शुरू करते हुए एंटी स्नेक वेनम वैक्सीन लगाई। लेकिन, सांप का जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। सुबह सात बजे दीपक बेहोश हो गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डा. विनोद चंद पांडेय ने बताया कि दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

15 दिन में सर्पदंश के 20 भर्ती
जिला एमएमजी, संयुक्त अस्पताल, सीएचसी डासना, मोदीनगर, मुरादनगर, भोजपुर और लोनी में पिछले 15 दिन में सांप के काटने पर 20 लोगों को भर्ती कराया गया। जिला एमएमजी अस्पताल में गार्ड देवेंद्र, विकुल कुमार,साकिब, प्रीति,शिवकुमार और रामसिंह को भर्ती कराया गया। इनमें से बम्हैटा की रहने वाली 21 वर्षीय प्रीति की मौत हो चुकी है। शेष स्वस्थ हो गए हैं। डा. संतराम वर्मा का कहना है कि सांप के काटने पर तुरंत बंद लगाते हुए नजदीकी अस्पताल पहुंचकर एंटी स्नेक वेनम वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए। इससे अधिकांश लोगों की जान बचना संभव है। कुछ सांप ही जहरीले होते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.