गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ निकाला मोर्चा, जमकर हुई नारेबाजी

अगस्त क्रांति दिवस: गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ निकाला मोर्चा, जमकर हुई नारेबाजी

गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ निकाला मोर्चा, जमकर हुई नारेबाजी

Tricity Today | मार्च निकालते कांग्रेस कार्यकर्ता

  • कांग्रेस के सभी विंग ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त मोर्चा निकाला
  • भारतीय जनता पार्टी सरकार से गद्दी खाली करने के नारे लगाए
  • पैदल मार्च की वजह से कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा
  • नोएडा पुलिस पर कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का लगा आरोप
  • भारतीय जनता पार्टी की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ डटकर खड़े रहेंगे
Noida: अगस्त क्रांति दिवस के मौके पर आज, 9 अगस्त को गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस के सभी विंग ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त मोर्चा निकाला। हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने आज सुबह सेक्टर-18 के अट्टा पीर से सेक्टर-15 नया बांस तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला और भारतीय जनता पार्टी सरकार से गद्दी खाली करने के नारे लगाए। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं का हुजूम ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि पैदल मार्च की वजह से कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। 

इस दौरान पार्टी महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और राहुल गांधी के जिंदाबाद के जमकर नारे लगे। सुरक्षा के मद्देनजर नोएडा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। हालांकि पार्टी पदाधिकारी सत्येंद्र शर्मा ने नोएडा पुलिस पर आरोप लगाया और कहा कि हमारे मार्च रैली में जानबूझकर नोएडा पुलिस अड़चन डाल रही है। ऐसा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इशारे पर किया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है। आज हुए प्रदर्शन में गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता शामिल रहे।

पुलिस दबाव में काम कर रही
इस मौके पर बोलते हुए पार्टी पदाधिकारी सत्येंद्र शर्मा ने कहा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज पांचवा गद्दी छोड़ो दिवस मनाया जा रहा है। हम इस तानाशाही सरकार के खिलाह हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इशारे पर नोएडा पुलिस हमारे कार्यकर्ताओं को डरा-धमका रही है। हमने लाउडस्पीकर का इंतजाम किया था। जिसमें देश भक्ति गाने बजने थे। लेकिन पुलिस ने उसे भी नहीं चलाने दिया। मगर हम हार मानने वाले नहीं हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पूरी तरह लड़ने के लिए तैयार हैं। ना हम रुकेंगे, ना ही डरेंगे। हम भारतीय जनता पार्टी की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ डटकर खड़े रहेंगे। चाहे इसके लिए हमें जेल क्यों ना जाना पड़े।

महंगाई से मार रहे 
पार्टी के पदाधिकारी लियाकत चौधरी ने कहा, वर्तमान भारतीय जनता पार्टी सरकार में महंगाई अपने चरम पर है। खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की हर जरूरी चीज महंगाई की वजह से आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। आम लोगों का शोषण कर ये खुश हैं। कांग्रेस इसके विरोध में लगातार प्रदर्शन करती रहेगी। हम आम लोगों के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे। हम थकने, रुकने और हारने वाले नहीं हैं। देश में खाद्यान्न से लेकर पेट्रोल-डीजल तक के दाम आसमान छू रहे हैं। लेकिन इस सरकार को आम जनता की परेशानी नहीं दिखाई दे रही। पेट्रोल 100 रुपये के पार पहुंच रहा है। डीजल भी उसी रफ्तार से महंगा होता जा रहा है। किसान पिछले साल से प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन इस सरकार को कुछ सुनाई-दिखाई नहीं दे रहा।

आवाज बनकर लड़ेंगे
नोएडा महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उषा चौधरी ने कहा, हम इसलिए प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि भारतीय जनता पार्टी तानाशाही रवैया अपना रही है। महंगाई चरम पर है। इन दोनों की मार वंचित और शोषित वर्ग पर सबसे ज्यादा पड़ रही है। इनके बच्चों के मुंह से निवाला छिनने वाली सरकार के खिलाफ मोर्चा निकाल रहे हैं। हम इस शोषित वर्ग की आवाज बन कर खड़े हैं। इसलिए आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में अगस्त क्रांति दिवस मनाया जा रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.