32 उम्मीदवारों की जमानत जब्त, केवल 4 बचा पाए, जानिए क्या हैं नियम

गौतमबुद्ध नगर चुनाव परिणाम : 32 उम्मीदवारों की जमानत जब्त, केवल 4 बचा पाए, जानिए क्या हैं नियम

32 उम्मीदवारों की जमानत जब्त, केवल 4 बचा पाए, जानिए क्या हैं नियम

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर चुनाव परिणाम

Noida News : गौतमबुद्ध नगर में भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) ने शानदार प्रदर्शन किया है। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि तीनों विधानसभा सीटों नोएडा, दादरी और जेवर पर 39 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। तीनों जगह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कामयाब हुए हैं। केवल 4 उम्मीदवार अपनी जमानत बचाने में कामयाब रहे हैं। बाकी 32 उम्मीदवारों की जमानत जप्त हो गई हैं। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने बंपर वोट हासिल किए हैं। नोएडा और दादरी में तो सारे विपक्षी उम्मीदवार मिलकर भाजपा उम्मीदवारों के बराबर नहीं पहुंच सके हैं।

जमानत बचाने के लिए क्या है नियम
भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार को ₹10,000 जमानत राशि अपने नामांकन पत्र के साथ जमा करनी होती है। यह जमानत राशि केवल उन प्रत्याशियों को लौट आई जाती है, जो कुल पड़े मतों का छठा हिस्सा हासिल करते हैं। मतलब, अगर किसी विधानसभा सीट पर एक लाख वोट डाले जाएंगे तो जमानत बचाने के लिए 16,666 वोट मिलने जरूरी हैं। जिन प्रत्याशियों को कितने वोट नहीं मिलते हैं उनकी जमानत राशि भारत निर्वाचन आयोग जब्त कर लेता है।

कांग्रेस के तीनों उम्मीदवारों की जमानत जब्त
गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस पार्टी के तीनों उम्मीदवारों की जमानत जप्त हो गई है। आपको बता दें कि नोएडा विधानसभा सीट के लिए 3,47,871 वोट पड़े। जमानत राशि बचाने के लिए 57,979 वोट मिलने जरूरी थे। इसी तरह दादरी सीट कर लिए 3,53,078 लोगों ने वोट डाले थे। जमानत राशि बचाने के लिए 58,846 वोट मिलने लाजिमी थे। इसी तरह जेवर विधानसभा सीट के लिए 2,31,267 वोट डाले गए थे। जमानत बचाने के लिए 38,545 वोट हासिल करने जरूरी थे। नोएडा से कांग्रेस की प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक को केवल 13,494 वोट मिले हैं। दादरी से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक भाटी चोटीवाला को महज 5,392 वोट मिल पाए हैं। इसी तरह जेवर से कांग्रेसी उम्मीदवार मनोज चौधरी तो 3,200 वोट पर सिमट गए हैं। तीनों उम्मीदवारों की जमानत राशि जब्त हो गई है।

सपा के तीनों उम्मीदवार जमानत बचाने में कामयाब
इस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने गौतमबुद्ध नगर जिले की तीनों सीटों पर अच्छा प्रदर्शन किया है। सपा के तीनों प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहे हैं। लिहाजा, तीनों उम्मीदवारों की जमानत बच गई है। नोएडा से सपा प्रत्याशी सुनील चौधरी को 62,806 वोट मिले हैं। दादरी से राजकुमार भाटी को 79,850 वोट मिले हैं। जेवर से सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना को 60,890 वोट मिले हैं। अगर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवारों की बात करें तो केवल जेवर से उम्मीदवार नरेंद्र भाटी अपनी जमानत बचाने में कामयाब हुए हैं। नरेंद्र भाटी को 45,256 वोट मिले हैं। नोएडा से बसपा के प्रत्याशी कृपाराम शर्मा को केवल 16,292 वोट मिले हैं। दादरी से मनवीर सिंह भाटी को 40,456 वोट मिले हैं लेकिन वह भी अपनी जमानत राशि बचाने में नाकामयाब रहे हैं।

तीनों सीटों पर 32 उम्मीदवार जमानत बचाने में नाकामयाब
नोएडा विधानसभा सीट के लिए 13 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। कामयाबी भारतीय जनता पार्टी के पंकज सिंह को मिली है। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुनील चौधरी दूसरे नंबर पर रहे और जमानत बचाने में कामयाब रहे हैं। बाकी 11 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई हैं। इनमें आम आदमी पार्टी के पंकज अवाना भी शामिल हैं। उन्हें केवल 6,551 वोट मिले हैं। बाकी पंजीकृत राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और निर्दलीय प्रत्याशी हैं। अगर दादरी सीट की बात करें तो यहां 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मास्टर तेजपाल सिंह नागर चुनाव जीत गए हैं। समाजवादी पार्टी के राजकुमार भाटी के अलावा बाकी सभी 12 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है। इनमें आम आदमी पार्टी के संजय भी शामिल हैं। उन्हें केवल 4,620 वोट मिले हैं। जेवर सीट पर 12 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। कामयाबी भाजपा के ठाकुर धीरेंद्र सिंह को मिली है। राष्ट्रीय लोकदल के अवतार सिंह भड़ाना और बहुजन समाज पार्टी के नरेंद्र भाटी के अलावा बाकी 9 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई हैं। इनमें आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी पूनम को महज 596 वोट मिले हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.