गौतमबुद्ध नगर की सड़कें सुनसान और बाजार वीरान रहे, सिर्फ चुनिंदा सेवाओं से जुड़े लोग निकले बाहर

कोरोना कर्फ्यू: गौतमबुद्ध नगर की सड़कें सुनसान और बाजार वीरान रहे, सिर्फ चुनिंदा सेवाओं से जुड़े लोग निकले बाहर

गौतमबुद्ध नगर की सड़कें सुनसान और बाजार वीरान रहे, सिर्फ चुनिंदा सेवाओं से जुड़े लोग निकले बाहर

Tricity Today | सिर्फ चुनिंदा सेवाओं से जुड़े लोग निकले बाहर

  • गौतमबुद्ध नगर में रविवार को 700 नए मरीजों की पुष्टि हुई है
  • जनपद में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 3327 हो गई है
  • गौतमबुद्ध नगर में संक्रमण की वजह से 3 मरीजों की मौत हो गई है
  • जिले में अब तक कुल मामलों की संख्या 30530 हो गई है
गौतमबुद्ध नगर में 35 घंटे के कोरोना कर्फ्यू का पूरा असर दिखाई दे रहा है। शहर की सड़कें सुनसान हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े इक्का-दुक्का वाहन चलते दिखाई दे रहे हैं। यह कर्फ्यू सोमवार की सुबह तक लागू रहेगा। इसकी वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। सिर्फ आवश्यक सेवाओं से जुड़ी कुछ दुकानें खुली रहीं। दिल्ली-यूपी सीमा पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। हर आने-जाने वाले की पहचान की जा रही है। उसके बाद ही उसे यूपी में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

बाजार वीरान रहे
बताते चलें कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने पूरे राज्य में वीकेंड कोरोना कर्फ्यू लागू किया है। हमेशा गुलज़ार और आबाद रहने वाली नोएडा की सड़कें आज वीरान दिखाई दे रही हैं। सड़कों पर केवल आपातकालीन सेवा से जुड़े और ई-पास धारक व्यक्ति ही आवागमन कर रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर पुलिस जगह-जगह चेकिंग अभियान चला रही है। बिना वजह निकलने वाले लोगों को रोककर पूछताछ की जा रही है। नोएडा के सबसे पॉश मार्केट में एक सेक्टर-18 मार्केट में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। जिले के सभी बड़े चौक-चौराहों पर दूर-दूर तक कोई दिखाई नहीं दे रहा।

चुनिंदा लोगों को मिली अनुमति
दिल्ली से सटे सभी बॉर्डर पर पुलिस बैरिकेडिंग लगा कर चेकिंग अभियान चला रही है। सिर्फ एम्बुलेंस और इमरजेंसी वेहिकल को ही नोएडा में एंट्री मिल रही है। बाकी सभी गाड़ियों को वापस दिल्ली लौटाया जा रहा है। आपको बता दें कि प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस वजह से पूरे प्रदेश में वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान किया गया था। साप्ताहिक कर्फ्यू की वजह से सड़कें खाली हैं। बाजार बंद हैं। लोग अपने घरों में कैद हैं। 

शहर में चला सेनेटाइजेशन अभियान
आज कोरोना कर्फ्यू को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण और फायर विभाग ने पूरे शहर में सेनेटाइजेशन किया। खास तौर पर शहर के सेक्टर-18 के बाजार, मॉल और मेट्रो स्टेशन पर सेनेटाइजेशन कराया गया। आम दिनों में यहां भारी भीड़ की वजह से यह आसान न होता। इसके अलावा जनपद के सभी कंटेममेन्ट जोन को लगातार सेनेटाइज किया जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और तीनों प्राधिकरण मिलकर संक्रमण की रोकथाम के लिए सतत प्रयास कर रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी में कहा गया है कि आज शहर में 118 स्थानों पर सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया।

डराने वाले हैं आंकड़ें
कोरोना महामारी का दंश झेल रहे गौतमबुद्ध नगर में रविवार को 700 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जनपद में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 3327 हो गई है। सबसे ज्यादा मामले राजधानी लखनऊ में सामने आए हैं। जहां 5551 नए मरीज मिले हैं। इस वक्त राजधानी में सक्रिय मरीजों की संख्या 47700 हो गई है। गौतमबुद्ध नगर में संक्रमण की वजह से 3 मरीजों की मौत हो गई है। इसके साथ ही कुल मौतों का आंकड़ा 103 हो गया है। 

कुल मरीजों की संख्या 30 हजार के पार
गौतम बुध नगर के जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर सुनील दोहरे ने बताया कि पिछले 24 घंटे में जनपद में 700 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। हालांकि इस दौरान 147 मरीज ठीक होकर अस्पताल से घर चले गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण की वजह से जनपद में 3 लोगों की मौत हो गई है। इससे मृतकों की संख्या 103 हो गई है। अधिकारी ने बताया कि जनपद में फिलहाल 3327 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। नए मरीजों की संख्या के साथ ही जिले में अब तक कुल मामलों की संख्या 30530 हो गई है। कुल 27100 मरीज ठीक हो कर घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.