रफ्तार भरने के लिए हो जाएं तैयार, उद्घाटन की उल्टी गिनती शुरू

Noida Parthala Signature Bridge को लेकर सबसे ताजा अपडेट : रफ्तार भरने के लिए हो जाएं तैयार, उद्घाटन की उल्टी गिनती शुरू

रफ्तार भरने के लिए हो जाएं तैयार, उद्घाटन की उल्टी गिनती शुरू

Tricity Today | Symbolic

Noida News : अब जल्द ही नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के किसान चौक की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा। पर्थला गोल चक्कर पर सिग्नेचर ब्रिज की तर्ज पर बन रहे फ्लाईओवर के कार्य में अब ना के बराबर काम बाकी रह गया है। पर्थला गोलचक्कर पर केबल सस्पेंशन पर बन रहे फ्लाईओवर का काम 12 जून तक पूरा होने का दावा किया जा रहा है। फ्लाईओवर के शुरू होते ही यहां से गुजरने वाले ट्रैफिक को रफ्तार मिलेगी। फ्लाईओवर की टेस्टिंग पहले ही हो चुकी है, जो सभी मानकों पर खरी उतरी है। इसके शुरू होने की तारीख की घोषणा भी जल्द हो सकती है। इस फ्लाईओवर के खुलने के बाद लाखों वाहनों को जाम से राहत मिलेगी।

रितु माहेश्वरी ने किया था निरीक्षण
पर्थला फ्लाईओवर बनने के बाद ट्रैफिक को काफी हद तक राहत मिलेगी। यहां सुबह शाम लगने वाला जाम फ्लाईओवर बनने के बाद खत्म हो जाएगा। खुद अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को फ्लाईओवर का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण एजेंसी ने 10 दिन का समय और मांगा था। सीईओ ने ट्रैफिक के लिहाज से फ्लाईओवर के नीचे के रास्तों का परीक्षण किया। जरूरत के हिसाब से उन्होंने फ्लाईओवर के नीचे गोल चक्कर बनवाए जाने के निर्देश दिए हैं। इसका डिजाइन ट्रैफिक के मुताबिक कंसल्टेंट से तैयार कराया जाएगा।

हटाए जाएंगे अतिक्रमण
फ्लाईओवर खुलने से पहले शाहबेरी रोड पर हो रखे अतिक्रमण को हटाने के साथ ही टूटी नालियों को ठीक कराया जाएगा, ताकि सड़क थोड़ी और चौड़ी हो सके और आसानी से गुजर सकें। अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो इस ब्रिज के खुलते ही एफएनजी समेत ग्रेनो वेस्ट की ओर से किए गए डायवर्जन को समाप्त कर दिया जाएगा। फ्लाईओवर से वाहन चालकों के सफर में भी 30 से 40 मिनट समय की बचत होगी।

इन सेक्टरों में रहने वालों को होगा फायदा
इस फ्लाईओवर के बनने से सेक्टर-51, 52, 61,70 ,71, 72, 73, 74, 75, 76, 77, 78, 79, 121,122 और किसान चौक की ओर जाने वालों का सफर आसान हो जाएगा। दिल्ली से गाजियाबाद और हापुड़ की ओर आने-जाने वालों को भी काफी फायदा मिलेगा। अभी यहां वाहन चालक लंबे जाम में फंसते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.