आधा दर्जन कंपनियों ने दिखाई रुचि, जल्द शुरू होगा काम

Noida Chilla Elevated Road Update : आधा दर्जन कंपनियों ने दिखाई रुचि, जल्द शुरू होगा काम

आधा दर्जन कंपनियों ने दिखाई रुचि, जल्द शुरू होगा काम

Tricity Today | Symbolic

Noida News : शहर में पिछले दो सालों से अटका पड़ा चिल्ला एलिवेटेड रोड (Noida Chilla Elevated Road) प्रोजेक्ट को नई गति देने में नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के सीईओ लोकेश एम. (CEO Lokesh M.) जुट गए हैं। इस निर्माण को पूरा करने के लिए 6 एजेंसियों ने आवेदन किया है। अब निर्माण के लिए आईं एजेंसियों की तकनीकी विशेषज्ञता का परीक्षण होगा। सेतु निगम (Setu Nigam) ने टेंडर खोले जाने की जानकारी नोएडा अथॉरिटी को दे दी है। तकनीकी परीक्षण में पास होने वाली एजेंसियों में से आगे चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। बताया जा रहा है कि सब कुछ ठीक रहा तो जनवरी अंत से इस प्रोजेक्ट का निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे चिल्ला से एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली लिंक रोड का जाम खत्म हो जाएगा।

12 दिसंबर तक आवेदन
मयूर विहार फ्लाईओवर से महामाया फ्लाईओवर तक प्रस्तावित 5.96 किलोमीटर लंबे चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए सेतु निगम को सभी मानक पूरे कर एजेंसी चयन के लिए कहा गया है। सेतु निगम में नवंबर के महीने में एलिवेटेड रोड का निर्माण शुरू करने के लिए टेंडर जारी किया था। निर्माण कंपनियां से 12 दिसंबर तक आवेदन मांगे गए थे। 13 दिसंबर तक 6 कंपनियों ने टेंडर भर दिए हैं। अब दस्तावेजों की जांच जाएगी। जो सबसे कम रकम में निर्माण को पूरा करेगा, उसको टेंडर दिया जाएगा। पूरी परियोजना की निगरानी का जिम्मा नोएडा प्राधिकरण के पास रहेगा।

सेतु निगम को टेंडर जारी करने के निर्देश 
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों का कहना है कि अगर इस टेंडर प्रक्रिया में कंपनी का चयन हो जाता है तो जनवरी-फरवरी-2024 तक एलिवेटेड रोड के निर्माण का काम शुरू हो सकता है। गौरतलब है कि वर्ष-2020 में इस एलिवेटेड रोड का काम शुरू हुआ था, लेकिन लागत विवाद के कारण साल-2021 में काम बंद हो गया। जिम्मा मिलने पर सेतु निगम ने नाममात्र का काम किया। लागत बढ़ाकर इसमें अड़ंगा लगा दिया और काम बंद हो गया। करीब दो साल से काम पूरी तरह बंद पड़ा है। करीब चार महीने पहले लागत को लेकर चल रहा विवाद खत्म हुआ। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण ने सेतु निगम को टेंडर जारी करने के निर्देश दिए।

साल-2019 में सीएम योगी ने किया था शिलान्यास
चिल्ला एलिवेटेड रोड की योजना करीब 10-12 साल पुरानी है, लेकिन इस पर गंभीरता से काम साल 2018 में शुरू हुआ। एलिवेटेड रोड बनाने को लेकर नोएडा प्राधिकरण और यूपी के लोक निर्माण विभाग के बीच सहमति बनी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जनवरी 2019 को इसका शिलान्यास किया। उस समय इसके निर्माण की लागत 605 करोड़ 31 लाख रुपए तय की गई थी। साल-2021 में सेतु निगम ने इसकी राशि 700 करोड़ और फिर इसको बढ़ाकर 1076 करोड़ 61 लाख रुपए कर दिया। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण और सेतु निगम के बीच विवाद बढ़ गया। नवंबर-2021 में काम पूरी तरह बंद हो गया। तभी से यह काम बंद पड़ा है। लागत संबंधी विवाद खत्म होने के बाद अब ये प्रोजेक्ट 940 करोड़ में बनेगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.