पीड़िता ने अपने विभाग से लगाई इंसाफ की गुहार, अप्राकृतिक संबंध...

नोएडा की महिला कांस्टेबल का उत्पीड़न : पीड़िता ने अपने विभाग से लगाई इंसाफ की गुहार, अप्राकृतिक संबंध...

पीड़िता ने अपने विभाग से लगाई इंसाफ की गुहार, अप्राकृतिक संबंध...

Google Photo | प्रतीकात्मक फोटो

Noida News : नोएडा से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला कांस्टेबल ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता नोएडा की रहने वाली है और उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। पीड़ित महिला ने पुलिस विभाग से इंसाफ की गुहार लगाई है।

कब हुई थी शादी
अपनी शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2022 को मथुरा निवासी रविंद्र कुमार के साथ हुई थी, उसका पति भी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल है। शादी के समय परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन रविंद्र और उसके परिजन संतुष्ट नहीं थे। शादी के दूसरे दिन से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।

15 लाख रुपये का दवाब बनाया
पीड़िता का कहना है कि रविंद्र, उसके ससुर सूरजपाल, सास देवी, ननद मीना कुमारी, मंजू कुमारी और देवर बृजमोहन उर्फ छोटू ने उसे कम दहेज लाने के लिए ताने देने शुरू कर दिए। उनका कहना था कि उनकी हैसियत के अनुसार शादी नहीं की गई है, जिससे उन्हें समाज में नीचा देखना पड़ रहा है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक ससुराल वालों ने उस पर मायके से 15 लाख रुपये या गाड़ी लाने का दबाव डालना शुरू कर दिया।

इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
महिला का आरोप है कि रविंद्र उस पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का भी दबाव डालता था। उसके पति और ससुराल वाले उसके वेतन को भी अपने पास रख लेते थे और उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देते थे। हालांकि महिला के पिता ने 13 दिसंबर 2022 को 6 लाख रुपये उसके ससुराल वालों को दे दिए, लेकिन उसके उत्पीड़न में कोई कमी नहीं आई। 14 मार्च 2023 को रविंद्र ने पीड़ित के आवास पर आकर उसके साथ फिर से गाली-गलौज और मारपीट की। जब महिला ने शिकायत करने की बात की, तो रविंद्र ने उसे अपनी पहुंच का हवाला देते हुए नौकरी छुड़वाने की धमकी दी। अब पीड़ित महिला ने अपने पति रविंद्र कुमार, ससुर सूरजपाल, सास देवी, ननद मीना कुमारी, मंजू कुमारी, देवर बृजमोहन उर्फ छोटू, नंदोई मनोज कुमार और सोहन रमन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.