डॉ. महेश शर्मा को सियासी संजीवनी दे गए अमित शाह

सांसद के घर भोज पर पहुंचे गृहमंत्री : डॉ. महेश शर्मा को सियासी संजीवनी दे गए अमित शाह

 डॉ. महेश शर्मा को सियासी संजीवनी दे गए अमित शाह

Tricity Today | सांसद के घर भोज पर पहुंचे गृहमंत्री

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा के लिए शुक्रवार का दिन सुकून भरा रहा। अंतर्कलह, अफवाहों और कयासों से जूझ रहे सांसद को कुछ राहत मिल गई। सीधे शब्दों में कहें तो आज 'कृष्ण के घर सुदामा नहीं, सुदामा के घर कृष्ण' का आगमन हुआ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सांसद का आतिथ्य स्वीकार कर लिया और उनके आवास पर भोजन के लिए पधारे। भोजन के दौरान दोनों नेताओं ने अपनी बातें एक दूसरे के साथ साझा कीं। 

श्रीराम परिवार की मूर्ति भेंट कर सियासी संदेश देने की कोशिश
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तय कार्यक्रम के बाद सांसद डॉ. महेश शर्मा के घर लंच के लिए पहुंचे। वहां पूरे परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जाहिर है पारिवारिक बातों के अलावा सियासी गुफ्तगूं भी हुई होगी। अमित शाह के सांसद के घर जाने के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि डॉ. महेश शर्मा अपने विरोधियों पर सियासी बढ़त बनाने के साथ ही यह संदेश देने में भी कामयाब रहे कि उनका कद पार्टी में अब भी ऊंचा है। उन्होंने गृहमंत्री को भगवान श्रीराम परिवार की मूर्ति भेंटकर यह संदेश देने की कोशिश की कि वह अभी पार्टी के प्रति निष्ठावान हैं। उन्होंने इससे स्थानीय स्तर पर भी कयासों को विराम लगाने की कोशिश की। 

सांसद को 'मोदी मंत्र' दे गए गृहमंत्री
ग्रेटर नोएडा और नोएडा में अपने आधिकारिक कार्यक्रम के बाद स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा के निमंत्रण को स्वीकार कर सेक्टर 15ए स्थित उनके आवास पर पहुंचे। वहां लंच किया। लगभग एक घंटे तक रुकने के बाद वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। लेकिन, जाते-जाते सांसद डॉ. महेश शर्मा को 'मोदी मंत्र' दे गए। सांसद के निजी आवास पर केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन से सांसद को एक नई ऊर्जा मिली है। इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.