IMA के सदस्यों ने किया प्रदर्शन, चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानूनों की मांग

Noida News: IMA के सदस्यों ने किया प्रदर्शन, चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानूनों की मांग

IMA के सदस्यों ने किया प्रदर्शन, चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानूनों की मांग

Tricity Today | विरोध जताते डॉक्टर

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (Indian Medical Association-IMA) की अगुवाई में आज पूरे देश में डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया। आईएमए की मांग है कि देशभर में डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए नए कानून बनाए जाएं। आज हुए इस प्रदर्शन को ‘सेव दी सेवियर’ (SAVE THE SAVIOUR) नाम दिया गया था। नोएडा आईएम ने भी इस मांग के समर्थन में प्रदर्शन किया। संगठन के सभी सदस्य नोएडा स्थित कार्यालय पहुंचे। जहां काले कपड़े और मास्क पहनकर विरोध जताया गया। 

मांग की गई कि, केंद्र सरकार डॉक्टरों पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए कानून लाए। ताकि चिकित्सकों की सुरक्षा हो सके। हालांकि देश के कई राज्यों में इस तरह के कानून बनाए गए हैं। लेकिन संस्था का कहना है कि यह नाकाफी हैं। चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए राज्यों के बजाय एक केंद्रीय कानून आवश्यक है। साथ ही उनके प्रावधानों में संशोधन किया जाए। नोएडा आईएमए के महासचिव मोहित शर्मा ने इस बारे में बात की। उन्होंने बताया कि आज पूरे देश में डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। 

हाथों में बैनर और काली पट्टी बांधकर सरकार से नए कानूनों की मांग की गई है। चिकित्सकों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। हाल के दिनों में चिकित्सकों पर हुए हमलों को देखते हुए इसे यथाशीघ्र बनाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि नेशनल आईएमए की अगुवाई में नोएडा इकाई ने भी आज प्रदर्शन किया। उन्होंने संस्था के सभी डॉक्टर सदस्यों से अपील की और कहा कि मरीजों के प्रति माननीय व्यवहार करें। उनकी ढंग से देखभाल करें और उचित इलाज तथा मार्गदर्शन करें। 

संस्था की तरफ से ये मांगे रखी गई हैं – 
  1. चिकित्सा से जुड़े लोगों की सुरक्षा के अधिनियम को राज्य अधिनियम के बजाय एक केंद्रीय अधिनियम बनाया जाना चाहिए। ताकि भारतीय दंड संहिता के तहत कार्रवाई की जा सके। वर्तमान में यह 19 राज्यों में लागू है। जिसके तहत 50 हजार जुर्माना और 3 साल की जेल की सजा है।
  2. अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए।
  3. अस्पतालों में सुरक्षा के प्रबंध किए जाएं।
  4. डॉक्टरों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए और कड़ी सजा दी जाए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.