नोएडा के हर सेक्टर में एक पार्क बड़े बच्चों को खेलने के लिए दिया जाएगा, सीईओ ने दिया यह खास आदेश

BIG BREAKING : नोएडा के हर सेक्टर में एक पार्क बड़े बच्चों को खेलने के लिए दिया जाएगा, सीईओ ने दिया यह खास आदेश

नोएडा के हर सेक्टर में एक पार्क बड़े बच्चों को खेलने के लिए दिया जाएगा, सीईओ ने दिया यह खास आदेश

Tricity Today | Ritu Maheshwari IAS

Noida News : नोएडा शहर के बड़े बच्चों के लिए बड़ी खबर है। अब उन्हें खेलने के लिए शहर में इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अब हर सेक्टर में एक पार्क बड़े बच्चों को खेलने के लिए आरक्षित किया जाएगा। इतना ही नहीं इन पार्कों में उनके लिए जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। नोएडा (Noida Authority) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी (Ritu Maheshwari IAS) ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया है। ऋतु महेश्वरी ने उद्यान विभाग की बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने अफसरों को सारे लंबित काम जल्दी से जल्दी पूरा करने को कहा है।

ऋतु माहेश्वरी ने गुरुवार को अपने कार्यालय में उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि शहर की सामाजिक संस्थाओं और सेक्टरों के निवासियों ने शिकायत की हैं। लोगों का कहना है कि बड़े बच्चों के लिए खेलने की सुविधाएं और स्थान उपलब्ध नहीं हैं। इससे बच्चों का शारीरिक विकास नहीं हो पा रहा है। बच्चों में खेल स्पर्धाओं के प्रति रुझान खत्म हो रहा है। इस समस्या का समाधान करने के लिए फैसला लिया गया है कि प्रत्येक सेक्टर का एक पार्क बड़े बच्चों के लिए आरक्षित किया जाएगा। इन पार्कों में खेलने के संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इन पार्कों में बड़े बच्चे फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो और तमाम दूसरी स्पोर्ट्स एक्टिविटीज कर सकेंगे। यह सारी सुविधाएं विकसित करने में प्राधिकरण भी मदद करेगा। इसके लिए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन से सहयोग लिया जाएगा। अभी शहर के पार्कों में जब बड़े बच्चे खेलते हैं तो वहां आने वाले छोटे बच्चों को चोट लगने का खतरा रहता है। कई बार बुजुर्ग और महिलाएं भी परेशान हो जाते हैं। ऐसे में बड़े बच्चों को पार्कों से निकाल दिया जाता है। अब इस समस्या का समाधान हो जाएगा।

सीईओ ऋतु महेश्वरी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया है कि प्रचलित विकास योजनाओं को जल्दी से जल्दी पूरा करें। जिन योजनाओं के टेंडर होने हैं, वह जल्दी कर लिए जाएं। जिनके टेंडर अभी नहीं हो पाए हैं, उनसे जुड़ी प्रक्रिया भी तत्काल पूरी कर ली जाएं। शहर के पार्कों का रखरखाव और सौंदर्यकरण तय समय में किया जाए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.