भारतीय सोशलिस्ट मंच की हुंकार, बर्खास्त हो मणिपुर सरकार 

Noida News : भारतीय सोशलिस्ट मंच की हुंकार, बर्खास्त हो मणिपुर सरकार 

भारतीय सोशलिस्ट मंच की हुंकार, बर्खास्त हो मणिपुर सरकार 

Tricity Today | भारतीय सोशलिस्ट मंच ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा

Noida News : 80 दिनों से धधक रहे मणिपुर के हालात पर पूरा देश चिंतित है। बीते दिनों महिलाओं को निर्वस्त्र कर सामूहिक परेड कराने का वीडियो वायरल होने के बाद पूरी दुनिया में भारत का सिर शर्म से झुक गया है। इसके बावजूद 'विश्वगुरु' खामोश हैं। मणिपुर में लगातार हो रही हिंसा पर चिंता जताते हुए भारतीय सोशलिस्ट मंच के कार्यकर्ताओं ने आज राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। उसमें मणिपुर की सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की गई है।

ढाई महीने बाद भी नहीं टूटी नींद
भारतीय सोशलिस्ट मंच के प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र सिंह अवाना ने कहा कि मणिपुर को जलते हुए ढाई महीने से अधिक हो गए हैं। दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर उनकी परेड कराने की घटना देश को शर्मसार करने वाली है। इस घटना का जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें जो दृश्य दिखाई दे रहे हैं उसने समूची मानवता को हिला कर रख दिया है। भारतीय सोशलिस्ट मंच इस दरिंदगी का पुरजोर विरोध करता है और समाज के कातिलों को फांसी की सजा की मांग करता है। उन्होंने मणिपुर सरकार को भी बर्खास्त करने की मांग की है।

डबल इंजन की सरकार ने मणिपुर को जलने के लिए छोड़ दिया
देवेंद्र सिंह अवाना ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने मणिपुर को जलने के लिए छोड़ दिया है। पीएम मोदी के पास अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और फ़्रांस घूमने का समय है, लेकिन मणिपुर के लिए समय नहीं हैं। उनको एनआरआई के साथ सेल्फी लेने का समय है, पर उस राज्य के लिए समय नहीं है, जिस राज्य में महिलाओं की अस्मत लूटी जा रही है। महिलाओं को नंगा घुमाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सोशलिस्ट मंच इस घिनौनी वारदात का कड़ा विरोध करता है।

दरिंदगी की छूट दे रहे सत्ता में बैठे लोग
जिलाध्यक्ष देवेन्द्र गुर्जर ने कहा कि जब तक इन महिलाओं को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हम लोग चैन से नहीं बैठेंगे। देश में जाति धर्म, समुदाय और क्षेत्र के नाम पर लोगों को लड़ाया जा रहा है। जिन गांवों में किसी औरत पर कुदृष्टि डालने की किसी की हिम्मत नहीं होती थी, उन गांवों में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग इस तरह की दरिंदगी करने की छूट दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मणिपुर में भाजपा सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। ऐसी सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।

कोर्ट की फटकार के बाद पीएम बहाते हैं घड़ियाली आंसू
मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह राजपूत ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली बीजेपी के राज में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाया जा रहा है। उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। एक भाई के सामने उसकी बहन के साथ गैंगरेप हो रहा है। विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी जा रही है। ढाई महीने तक कोई कार्रवाई नहीं होती है। जब वीडियो वायरल होती है और सुप्रीम कोर्ट फटकार लगाती है, तब पीएम घड़ियाली आंसू बहाते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के लिए भारतीय सोशलिस्ट मंच एक बड़ा अभियान चलाएगा।

इन लोगों ने भी किया विरोध
इस मौके पर नरेंद्र शर्मा, सन्नी गुर्जर, मनोज प्रजापति, डॉ. नरेंद्र तंवर, अजय चौधरी एडवोकेट, गौतम, रहिंद्र यादव, देवेंन्द्र खारी, भजन लाल प्रजापति, शालिनी खारी, अरविंद चौहान, सौरभ, हेमंत, जय, गौरव मुखिया, इमरान भड़ाना, विद्या, हैदर, कर्ण और ईश्वर जाटव आदि मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.