कोरोनकाल में जान गंवाने वाले पत्रकारों के स्मारक का दो अक्तूबर को लोकार्पण होगा

नोएडा से बड़ी खबर : कोरोनकाल में जान गंवाने वाले पत्रकारों के स्मारक का दो अक्तूबर को लोकार्पण होगा

कोरोनकाल में जान गंवाने वाले पत्रकारों के स्मारक का दो अक्तूबर को लोकार्पण होगा

Tricity Today | पत्रकारों की याद में बनाए गए स्मारक पर पहुंचे दिग्गज पत्रकार

Noida News : कोविड-19 महामारी के दौरान जान गंवाने वाले पत्रकारों की याद में बनाए गए स्मारक का लोकार्पण दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर होगा। नोएडा मीडिया क्लब (एनएमसी) ने इसका निर्माण करवाया है। एनएमसी नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के पत्रकारों का एक सामाजिक संगठन है। एनएमसी ने उन पत्रकारों को समर्पित एक राष्ट्रीय स्मारक का निर्माण किया है, जिन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवा दी। महामारी के दौरान देश के 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 497 पत्रकारों की मृत्यु हो गई थी। यह स्मारक दुनिया भर में अपनी तरह का एकमात्र स्मारक है। स्मारक पर सभी 497 पत्रकारों के नाम उत्कीर्ण हैं। इनमें सबसे ज्यादा आंध्र प्रदेश के 138 पत्रकार शामिल हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश के 96 पत्रकारों की मौत हुई हैं।

एनएमसी के अध्यक्ष पंकज पाराशर ने बताया कि यह स्मारक त्रिकोणीय आकार का है, जिसके गोलाकार आधार पर तीन मुख हैं। इसकी ऊंचाई 6 मीटर है। त्रिकोणीयता मीडिया की तीन धाराओं प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल को संदर्भित करती है। पूरा स्मारक काले संगमरमर से बना है, जो दिवंगत साथियों को हार्दिक श्रद्धांजलि का प्रतीक है। यह स्मारक कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना, भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की इच्छा और 'पहले समाचार' की भावना को दर्शाता है।

पंकज पाराशर ने आगे बताया कि इस स्मारक का उद्घाटन 2 अक्टूबर 2023 को 'राष्ट्रपिता' महात्मा गांधी की जयंती पर किया जाएगा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए देशभर के राज्यों को निमंत्रण भेजा गया है। इसमें बड़ी संख्या में पत्रकार, राजनेता, सामाजिक संगठन और मीडिया जगत के लोग भाग लेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.