प्रवेश करते ही श्रीराम के दर्शन, यूपी की विकास गाथा से होंगे रूबरू

नोएडा शिल्प हाट में 'यूपी दिवस' का शुभारंभ : प्रवेश करते ही श्रीराम के दर्शन, यूपी की विकास गाथा से होंगे रूबरू

प्रवेश करते ही श्रीराम के दर्शन, यूपी की विकास गाथा से होंगे रूबरू

Tricity Today | शिल्प हाट में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने किया।

Noida News : उत्तर प्रदेश का 75वां स्थापना दिवस आज मनाया जा रहा है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी और यूपी को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की धरा बताया। बता दें कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य और राजनीतिक रूप से बेहद अहम है। यूपी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बधाई दी है। 

प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने किया शुभारंभ 
यूपी के स्थापना दिवस के मौके पर नोएडा के सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने किया। यूपी दिवस की थीम 'उत्तर प्रदेश समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत' रखी गई है। प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने नोएडा की विकास गाथा पर आधारित गैलरी को देखा। इसके बाद वह नोएडा , ग्रेटर नोएडा और अन्य स्टॉल पर गए। वहीं, विभिन्न जिलों के ओडीओपी से संबंधित स्टॉल के बाबत भी बातचीत की। कार्यक्रम में नोएडा विधायक पंकज सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता के अलावा नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम. , डीएम मनीष वर्मा, एसीईओ संजय खत्री आदि मौजूद रहे।

सौ से अधिक ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी 
इसमें रोजगार पर आधारित संगोष्ठियां, रोड शो, उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, डिजिटल यूपी साइबर सुरक्षा, उन्नत प्राकृतिक कृषि विषयों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। करीब 100 से ज्यादा ओडीओपी उत्पाद लगाए गए हैं। हस्त शिल्प ग्रामोद्योग मेला ,जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण, रंगोली प्रतियोगिता, रामोत्सव को जोड़कर सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा यहां विभिन्न जिलों के स्वादिष्ट व्यंजन के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इसके अलावा यहां करीब 500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।

आज ही के दिन बदला गया था प्रदेश का नाम 
बता दें कि 24 जनवरी-1950 को संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश किया गया था। मई-2017 में, उत्तर प्रदेश सरकार ने हर साल 24 जनवरी को यूपी दिवस मनाने की घोषणा की। इससे पहले यूपी दिवस मनाने का प्रस्ताव राज्यपाल राम नाईक ने दिया था।

प्रवेश करते ही होंगे प्रभु श्रीराम के दर्शन
नोएडा के शिल्प हॉट में आयोजित कार्यक्रम में राम मंदिर मॉडल और उसके साथ प्रभु श्रीराम का चित्र भी लगाया गया है। इसके अलावा गेट पर नोएडा प्राधिकरण की विकास गाथा और यूपी की गाथा को भी दर्शाया गया है। जिसे आर्ट गैलरी नाम दिया गया है। इसके अलावा शिल्प कला का अद्भुत मेला और मिट्‌टी के बर्तन आदि बनाने की कला को भी प्रदर्शित किया गया है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक स्टेज बनाया गया है। जिसमें नोएडा के स्कूलों के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नोएडा की 500 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
यूपी दिवस 24, 25 और 26 जनवरी को मनाया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण की ओर से करीब 500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इसमें सिविल विभाग की 178 करोड़ की परियोजनाएं और होर्टिकल्चर विभाग की 185 करोड़ की परियोजना और करीब इतनी की परियोजनाएं इलेक्ट्रिकल और मेंटेनेंस विभाग की हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.