आसपास रहने वाले लोगों से मिलने पहुंचे पंकज सिंह, कहा- डरने की कोई बात नहीं, हम आपके साथ 

Noida Twin Tower Demolition : आसपास रहने वाले लोगों से मिलने पहुंचे पंकज सिंह, कहा- डरने की कोई बात नहीं, हम आपके साथ 

आसपास रहने वाले लोगों से मिलने पहुंचे पंकज सिंह, कहा- डरने की कोई बात नहीं, हम आपके साथ 

Tricity Today | विधायक पंकज सिंह सोसाइटी में रहने वाले लोगों से मुलाकात करने पहुंचे।

Noida News : नोएडा के सेक्टर-93ए में स्थित सुपरटेक ट्विन्स टावर (Suprtech Twin Tower) को रविवार की दोपहर 2:30 बजे ध्वस्त किया जाएगा। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी आसपास में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त कर रहे हैं। इसी के चलते शनिवार को नोएडा के विधायक पंकज सिंह (Noida MLA Pankaj Singh) ट्विन्स टावर के आसपास स्थित सोसाइटी में रहने वाले लोगों से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि ध्वस्तीकरण के दौरान नोएडा के किसी भी व्यक्ति को दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। इसको लेकर कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी के साथ मिलकर सरकार सभी शहर वासियों की सुरक्षा करेगी। ध्वस्तीकरण के समय किसी भी व्यक्ति को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

"मैं आपके साथ खड़ा हूं"
लोगों से मुलाकात करते हुए पंकज सिंह ने कहा, "सुपरटेक ट्विन्स टावर के आसपास रहने वाले किसी भी व्यक्ति को डरने की कोई जरूरत नहीं है। मैं जनप्रतिनिधि होने के नाते आपके साथ खड़ा हूं। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण को भी निर्देशित किया गया है कि अगर किसी भी शहर के व्यक्ति को कोई दिक्कत आती है तो तत्काल उसकी सहायता की जाए। इसके अलावा नोएडा ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन ने भी गाइडलाइन जारी की है। उत्तर प्रदेश सरकार भी आप लोगों के साथ खड़ी है। इसलिए नोएडा शहर में रहने वाले किसी भी व्यक्ति को डरने की आवश्यकता नहीं है।"
कुछ लोगों के लिए टैंट और कुर्सी लगेंगी
सुपरटेक ट्विन टावर की ओर जाने वाले मार्गों को सील कर दिया गया है। 500 मीटर के दायरे को नोमैंस जोन बनाया गया है। इंसान तो दूर जानवरों को भी इस 500 मीटर के दायरे से हटा दिया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नोएडा शहर को नो फ्लाई जोन घोषित किया है। मतलब, रविवार को कोई भी वायुयान नोएडा के आसमान से होकर नहीं गुजरेगा। नोएडा एक्सप्रेसवे भी बंद रखा जाएगा। ट्विन टावर के पास से होकर गुजरने वाले 6 मार्गों को बंद कर दिया गया है। प्राधिकरण ने करीब आधा किलोमीटर दूर कुछ लोगों के लिए टैंट लगवाया है। कुर्सियां लगवाई जा रही हैं।

आम जनता द्वारा फोटो खींचने और वीडियोग्राफी पर लगी रोक
सेक्टर-93ए सुपरटेक एमरॉल्ड कोर्ट अपार्टमेंट के आसपास की सोसाइटी को पुलिस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं कि 28 अगस्त को सोसाइटी की छत पर लोग जमा नहीं हो सकेंगे। फोटो खींचने और वीडियोग्राफी पर भी रोक रहेगी। अगर कोई ऐसा करता मिला तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। लोगों को फ्लैट की बालकनी में खड़े होने पर भी रोक रहेगी। 

मीडिया का भारी जमावड़ा लगेगा
देशभर के खबरिया चैनल और न्यूज़ वेबसाइट इस घटनाक्रम को लाइव प्रसारित करेंगे। ब्लास्ट कर रही एजेंसी और नोएडा अथॉरिटी ने ट्विन टावर से आधा किलोमीटर दूर फ्लाईओवर के पास मीडिया, निगरानी अधिकारियों और दूसरे लोगों के लिए इंतजाम किए हैं। इससे आगे किसी को नहीं जाने दिया जाएगा। नोएडा एक्सप्रेसवे को 2:15 बजे बंद कर दिया जाएगा और 2:45 पर दोबारा शुरू होगा। इन 30 मिनट के दौरान एक्सप्रेसवे पर यातायात की पाबंदी रहेगी। आपको बता दें कि नोएडा एक्सप्रेसवे के इतिहास में ऐसा दूसरी बार हो रहा है, जब इसे रोका जाएगा। इससे पहले साल 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए एक्सप्रेसवे को रोका गया था। तब साइकिलिंग टाइम इवेंट का आयोजन इस पर हुआ था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.