किसानों के हित में नवाब सिंह नागर का बड़ा बयान, जिससे अथॉरिटी और अन्नदाताओं का होगा भला

Noida News : किसानों के हित में नवाब सिंह नागर का बड़ा बयान, जिससे अथॉरिटी और अन्नदाताओं का होगा भला

किसानों के हित में नवाब सिंह नागर का बड़ा बयान, जिससे अथॉरिटी और अन्नदाताओं का होगा भला

Tricity Today | कार्यक्रम का आयोजन

Noida News : भीषण गर्मी के साथ-साथ गौतमबुद्ध नगर में राजनीति का पारा भी बढ़ रहा है। लोकसभा चुनाव में बमुश्किल 9 महीने का समय रह गया है। उससे पहले भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर ने गौतमबुद्ध नगर में लोकसभा सीट आलाकमान से मांग ली है। नवाब सिंह नागर के मैदान में आने के बाद जिले की राजनीतिक हलचल बढ़ गई हैं। नागर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों से रूबरू हो रहे हैं। उन्होंने किसान आंदोलन पर शनिवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "सपा और बसपा की सरकारों में किसानों से जबरन जमीन छीनीं थीं। आबादी की जमीन पर किसान का हक है, जो उन्हें लौटाई जाए।"

छिजारसी गांव में पीएम मोदी के काम गिनाए
शनिवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के कुशल नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने पर छिजारसी गांव पहुंचे। इस दौरान नागर ने मोदी की सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों से किसानों को अवगत कराया।

“किसानों की दशा में सुधार”
पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर ने कहा, "पिछले 9 साल में किसानों की दशा में सुधार आया है। किसान योजना के अंतर्गत सिंचाई की व्यवस्था, मुफ्त बिजली की व्यवस्था, अच्छे बीज, खाद की व्यवस्था इत्यादि किसानों को दी गई हैं। गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत मुफ्त राशन की व्यवस्था की गई है। गौतमबुद्ध नगर की तीनों प्राधिकरणों के अंतर्गत आने वाले गांव में किसानों की पुरानी आबादी बनी हुई हैं।

बिना जांच किया जमीन अधिग्रहण : पूर्व मंत्री
नागर ने आगे कहा, "समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के समय बिना जांच किए अधिग्रहण कर लिया गया था। उसका किसानों ने मुआवजा नहीं उठाया। जो ट्रेजरी में जमा कर दिया गया। ऐसी पुरानी आबादियों को किसानों को वापस किया जाए और ट्रेजरी में जमा राशि को प्राधिकरण अपने तरीके से उपयोग करें। इसमें किसानों और प्राधिकरण, दोनों का फायदा है। इस पर कार्य किया जा रहा है। मोदी सरकार ने समाज के हर वर्गों के लिए अच्छे कार्य किए है।"

दादरी से दो बार विधायक रहे नवाब सिंह
नवाब सिंह नागर का भारतीय जनता पार्टी में लंबा पॉलिटिकल करियर है। छात्र जीवन के तुरंत बाद वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और कल्याण सिंह जैसे दिग्गज नेताओं के साथ काम करने का मौका मिला। नवाब सिंह नागर गौतमबुद्ध नगर की ऐतिहासिक दादरी विधानसभा सीट से दो बार वर्ष 1996 और 2002 में विधायक चुने गए। वह 2002-2007 के बीच गठबंधन सरकारों में सिंचाई राज्यमंत्री रहे थे। इसके बाद उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती बड़ी ताकत बनकर उभरीं। मायावती मूल रूप से दादरी विधानसभा क्षेत्र के गांव बादलपुर की रहने वाली थीं। लिहाजा, वर्ष 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में नवाब सिंह नागर को लगातार दो बार हार का सामना करना पड़ा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.