डीएम सुहास एलवाई पहुंचे ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी, कहा- श्रीकांत त्यागी की संपत्ति होगी कुर्क

NOIDA BREAKING : डीएम सुहास एलवाई पहुंचे ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी, कहा- श्रीकांत त्यागी की संपत्ति होगी कुर्क

डीएम सुहास एलवाई पहुंचे ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी, कहा- श्रीकांत त्यागी की संपत्ति होगी कुर्क

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

Noida News : श्रीकांत त्यागी मामले में डीएम सुहास अलवाई और पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसायटी पहुंचे हैं। इस दौरान डीएम सुहास एलवाई ने कहा कि श्रीकांत त्यागी की अवैध संपत्ति कुर्क होगी। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने भी निवासियों का आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द श्रीकांत त्यागी गिरफ्तार होगा।

गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई नोएडा के सेक्टर-93बी में स्थित ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी पहुंचे हैं। आपको बता दें कि ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी पर श्रीकांत त्यागी के पक्ष में कुछ युवकों ने हल्ला बोला था। जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। जानकारी मिलने पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी पहुंचे। इसके बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी सुहास एलवाई भी सोसाइटी पहुंच गए हैं। वहां डीएम ने कहा है कि श्रीकांत त्यागी की प्रॉपर्टी जब्त की जाएगी। इतना ही नहीं गौतमबुद्ध नगर पुलिस श्रीकांत को भगोड़ा घोषित करने की तैयारी कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को गौतमबुद्ध नगर पुलिस अदालत में यह अर्जी देगी।

दो दिन में दूसरी बार ओमेक्स ग्रैंड पहुंचे सांसद महेश शर्मा
गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा पिछले दो दिनों में दूसरी बार ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी पहुंचे हैं। शनिवार की दोपहर बाद भी सांसद सोसाइटी पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था। दरअसल, उस वक्त श्रीकांत त्यागी को भारतीय जनता पार्टी का पदाधिकारी बताया जा रहा था। जिसके चलते महिलाओं ने सांसद को घेरकर कहा था कि आपकी पार्टी के लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं। इस पर सांसद ने महिलाओं से कहा था कि वह तो श्रीकांत त्यागी को जानते तक भी नहीं हैं। उसे कभी किसी कार्यक्रम में नहीं देखा है। उसका पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। वह भारतीय जनता पार्टी में नहीं है।

रविवार की रात फिर सोसाइटी को गए डॉक्टर महेश शर्मा
अब रविवार की रात एक बार फिर ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में श्रीकांत त्यागी समर्थक युवकों ने बवाल काटा है। जिसके बाद डॉक्टर महेश शर्मा सोसाइटी में पहुंचे हैं। सांसद को सोसाइटी की आक्रोशित भीड़ ने घेर लिया। इस पर उन्होंने राज्य के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी को फोन मिलाया। सांसद ने उनसे कहा, "आप पता लगाइए सोसाइटी में 15 लड़के कैसे घुस आए? यहां पुलिस मौजूद नहीं थी। निवासियों ने बुलाया तो भी पुलिस नहीं आई। मैंने सोसाइटी में पहुंचकर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार को फोन किया। उसके बाद यहां पुलिस आई है। आप इस सबके बारे में पुलिस कमिश्नर से पूछिए।" सांसद यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, "मुझे यह कहते हुए शर्म महसूस हो रही है कि यहां हमारी सरकार है।"

महिला की शिकायत पर 354 आईपीसी दर्ज हुई
नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में श्रीकांत त्यागी ने जिस महिला के साथ अभद्रता की है, उसने शुक्रवार को ही थाना फेस-2 में शिकायत दी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने श्रीकांत त्यागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इस एफआईआर में श्रीकांत पर आईपीसी की धारा 354 आरोपित की गई है। इसके अलावा और कोई धारा श्रीकांत त्यागी के खिलाफ इस एफआईआर में दर्ज नहीं है। इस बारे में सीनियर एडवोकेट अलबेल भाटी का कहना है, "वैसे तो मजिस्ट्रेट की अदालत में आईपीसी की धारा 354 के तहत जमानत नहीं दी जाती है। लेकिन कई बार फैसला परिस्थितियों पर भी निर्भर करता है। इस मामले में पुलिस की जांच, अभियोजन के तर्क और एप्लिकेंट के बयान बहुत महत्वपूर्ण साबित होंगे।" अलबेल भाटी आगे के कहते हैं, "आरोपी गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय या इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर करके एंटीसिपेटरी बेल की मांग कर सकता है।"

शनिवार और रविवार की छुट्टियां होने के कारण फरार हुआ श्रीकांत
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के तुरंत बाद श्रीकांत त्यागी को जब पता चला कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है तो वह हाउसिंग सोसाइटी से फरार हो गया। उसने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए हैं। पिछले 48 घंटों के दौरान पुलिस उसके मोबाइल फोन ट्रैक कर रही है, लेकिन सर्विलांस पर कोई गतिविधि नहीं मिल पा रही है। यही वजह है कि नोएडा पुलिस तमाम कोशिशें करने के बावजूद उसकी लोकेशन का पता लगाने में नाकाम है। श्रीकांत त्यागी के बेहद नजदीकी लोगों में से एक ने बताया कि वह सुप्रीम कोर्ट के एक वकील से संपर्क साधे हुए है। शनिवार और रविवार को गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय और इलाहाबाद हाईकोर्ट में अवकाश था। इस कारण वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ना चाहता था। सोमवार को अदालत खुलेंगी। उसके साथ ही श्रीकांत त्यागी और उसके वकील वैधानिक विकल्पों पर काम शुरू करेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.