तैयारियां पूरी हुईं, 377 पोलिंग पार्टियां संभालेंगी जिम्मेदारी

गौतमबुद्ध नगर पंचायत चुनाव: तैयारियां पूरी हुईं, 377 पोलिंग पार्टियां संभालेंगी जिम्मेदारी

तैयारियां पूरी हुईं, 377 पोलिंग पार्टियां संभालेंगी जिम्मेदारी

Tricity Today | 377 पोलिंग पार्टियां संभालेंगी जिम्मेदारी

गौतमबुद्ध नगर में दूसरे चरण में 19 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होना है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित मतदान के लिए टीमों का गठन कर दिया है। इस बार पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए 377 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। इन सभी को एक-एक (कुल 377) बैग दिए जाएंगे। इन सभी बैग में कोरोना महामारी से बचाव की सामग्री रहेगी। साथ ही चुनाव से संबंधित कागजात मौजूद रहेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक आज 16 अप्रैल को मतदान कर्मियों को अंतिम चरण की ट्रेनिंग दी गई। 

नोएडा जिला प्रशासन पिछले काफी वक्त से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है। बड़ी बात यह है कि इस बार के चुनाव में पूरे जनपद में एक भी बूथ सामान्य नहीं बनाया गया है। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 377 पोलिंग पार्टियां बनाई गई है। सभी को एक-एक बैग दिए जाएंगे। इन बैग में इस बार चुनाव से संबंधित सामग्री के साथ सुरक्षा के लिहाज से जरूरी चीजें भी रहेंगी। कोरोना महामारी के फैलते संक्रमण को देखते हुए इन बैग में सेनेटाइजर, मास्क, थर्मल स्कैनर, हैंड ग्लब्स, पल्स ऑक्सीमीटर आदि भी दिया जाएगा। आज अंतिम चरण के सभी मतदान कर्मियों को ट्रेनिंग दी गई है। 17 अप्रैल को भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। 

18 अप्रैल को टीमें रवाना होंगी
अनिल कुमार सिंह ने कहा कि 18 अप्रैल, रविवार को जनपद गौतमबुद्ध नगर के जेवर, बिसरख और दादरी ब्लॉक से पोलिंग पार्टियों को उनके बूथों पर रवाना किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।

107 वाहन लगाए जाएंगे
सिंह ने कहा कि पोलिंग पार्टियों को मतदान बूथ तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने 107 वाहनों को हायर किया है। इनमें से कुछ वाहन रिजर्व में रहेंगे। ताकि आपातकालीन जरूरत पड़ने पर इनका प्रयोग किया जा सके। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिले में बैलेट पेपर पहुंच चुके हैं। जिन्हें मतदान प्रक्रिया को पूरा कराने में जुटे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दे दिया गया है। ताकि वह इनका भली-भांति अध्ययन कर सकें।

सुरक्षा कड़ी रहेगी
सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जनपद के जेवर ब्लॉक में स्थित जनता इंटर कॉलेज, बिसरख ब्लॉक के लिए दादरी में स्थित मिहिर भोज इंटर कॉलेज और दादरी ब्लॉक के लिए अग्रसेन इंटर कॉलेज को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। स्ट्रांग रूम पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसी भी स्थिति में कोई गैर-कानूनी गतिविधि नहीं होने दी जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.