महामाया फ्लाईओवर पर तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर बर्थडे सेलिब्रेट करना पांच युवकों को भारी पड़ा। पुलिस ने 5 को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ धारा 144 के उल्लघंन के आरोप में कार्रवाई की गई है। मामला मंगलवार की रात का है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक आजाद सिंह तोमर ने पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी।
बहुत समझाया पर नहीं माने
उन्होंने बताया कि मंगलवार की देर रात महामाया फ्लाईओवर पर दो कार में सवार पांच युवक पहुंचे। वे कार को महामाया फ्लाईओवर पर रोककर तेज आवाज में गाना बजा रहे थे। एक कार की बोनेट पर केक रखा हुआ था। इसी दौरान गश्त कर रही पीसीआर वैन महामाया फ्लाईओवर से गुजर रही थी। पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने युवकों से गाना बंद करने और वहां से जाने के लिए कहा। मगर काफी समझाने के बाद भी पांचों युवक नहीं माने।
पुलिस ने की कार्रवाई
समझाते-बुझाते काफी देर बीत गई। पांचों युवक महामाया फ्लाईओवर से हटने को तैयार नहीं थे। अंत में पुलिस ने युवकों को धारा-144 का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उनकी दोनों कार को सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मान्सु चौधरी, श्याम अग्रवाल, प्रशांत शर्मा, सचिन तेवतिया और पंकज के रूप में हुई है। पांचों आरोपी नोएडा व गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
मंगलवार को ये सब फ्लाईओवर पर पंकज का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। पंकज, मान्सु चौधरी, प्रशांत शर्मा और सचिन तेवतिया ग्रेजुएशन के छात्र हैं। श्याम अग्रवाल मेरठ स्थित एक विश्वविद्यालय में कर्मचारी है।