गौतमबुद्ध नगर में 70 नए संक्रमित मिले, 50 लोगों पर कार्रवाई हुई

Noida Covid-19 News: गौतमबुद्ध नगर में 70 नए संक्रमित मिले, 50 लोगों पर कार्रवाई हुई

गौतमबुद्ध नगर में 70 नए संक्रमित मिले, 50 लोगों पर कार्रवाई हुई

Tricity Today | नए संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है

  • गौतमबुद्ध नगर में अब तक 25778 पॉजिटिव मामले
  • 25322 ने जीती जिंदगी की जंग
  • 456 का इलाज जारी
  • कोविड ने अब तक छीनी 91 की लोगों की जिंदगी
गौतमबुद्ध नगर जिले में एक बार फिर पांव पसारता कोरोना स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कोशिशों के बावजूद शनिवार को कोरोना एक बार फिर रफ्तार में दिखा। बीते 24 घंटे में 70 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि 48 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीत ली। जिले में महामारी की चपेट में आकर अब तक 91 लोग दम तोड़ चुके हैं।

वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है 
गौतमबुद्ध नगर के जिला निगरानी अधिकारी डॉ सुनील दोहरे ने बताया कि गुरुवार की शाम तक बीते 24 घंटे में 70 लोगों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमित लोगों का आंकड़ा 25778 हो गया है। जबकि 48 लोग स्वस्थ होकर घर वापस जा चुके हैं। इस तरह जिले में अब तक कोरोना को परास्त करने वालों की संख्या 23322 हो गई है। गौतमबुद्ध नगर जिले में महामारी की चपेट में आकर अब तक 91 लोग जान गंवा चुके हैं। फिलहाल कुल 456 लोगों का जिले के विभिन्न कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की
कोरोना की नई लहर से बदले हालातों के बीच अब स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। निजी एवं सरकारी अस्पतालों के इंतजामों का विभाग लगातार जायजा ले रहा है। जिले में मास्क न पहनने वाले लोगों पर पुलिस अब सख्ती कर रही है। बॉटेनिकल गार्डेन मेट्रो स्टेशन पर बिना मास्क लगाए घूम रहे दो लोगों को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने पर थाना एक्सप्रेस पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। 

दो लोगों को भेजा हवालात
पुलिस प्रवक्ता अभिनेंद्र कुमार सिंह ने बताया की बोटैनिकल गार्डेन पर सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार गश्त पर थे। उन्होंने संजय कुमार और गौरव सिंह को बिना मास्क लगाए मेट्रो स्टेशन में घूमते और पान-गुटखा खाकर सड़क पर थूकते देखा। पुलिस ने उन्हें कोविड-19 के प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए समझाने का प्रयास किया। लेकिन दोनों मनमानी करते रे। उन्होंने बताया कि उप-निरीक्षक ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.