राकेश टिकैत पर जानलेवा हमले से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने चिल्ला बॉर्डर बंद किया, इन मार्गों से जाएं

NOIDA BREAKING: राकेश टिकैत पर जानलेवा हमले से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने चिल्ला बॉर्डर बंद किया, इन मार्गों से जाएं

राकेश टिकैत पर जानलेवा हमले से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने चिल्ला बॉर्डर बंद किया, इन मार्गों से जाएं

Tricity Today | प्रदर्शन करते भाकियू के कार्यकर्ता

  • राकेश टिकैत पर शुक्रवार की शाम राजस्थान के अलवर जिले के ततारपुर चौराहे पर जानलेवा हमला हुआ था
  • गौतमबुद्ध नगर भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता चिल्ला बॉर्डर पहुंच गए
  • नोएडा-दिल्ली को जोड़ने वाला चिल्ला बॉर्डर पूरी तरह बंद है
भारतीय किसान यूनियन के नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत पर शुक्रवार की शाम राजस्थान के अलवर जिले के ततारपुर चौराहे पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके विरोध में गौतमबुद्ध नगर भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता चिल्ला बॉर्डर पहुंच गए और उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसकी वजह से नोएडा-दिल्ली को जोड़ने वाला चिल्ला बॉर्डर पूरी तरह बंद है। दिल्ली की तरफ जाने वाले यातायात को डीएनडी टोल बॉर्डर और कालिंदी कुंज की तरफ से डायवर्ट किया गया है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि सुझाए मार्ग से ही दिल्ली के लिए प्रस्थान करें। फिलहाल अगली सूचना तक चिल्ला बॉर्डर बंद है। संगठन के गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष अनीत कसाना के नेतृत्व में सैकड़ो किसान धरने पर बैठे हुए हैं। उनका कहना है कि पहले हमले के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उसके बाद ही चिल्ला बॉर्डर खुलेगा। 

बताते चलें कि किसान नेता राकेश टिकैत ने खुद पर जानलेवा हमले की जानकारी दी थी। जैसे ही राकेश टिकैत पर हमले की खबर देश में फैली, भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लामबंद होने लगे। गौतमबुद्ध नगर में भी संगठन के कार्यकर्ता एकत्रित होने लगे। देर शाम होते-होते भारी भीड़ जमा हो गई। कार्यकर्ताओं का हुजूम चिल्ला बॉर्डर की तरफ रवाना हुआ और थोड़ी देर में चिल्ला बॉर्डर पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्या पहुंच गए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि भारतीय जनता पार्टी किसानों की मांग और हक को कुचलना चाहती है। इसलिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। किसान राकेश टिकैत जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं और सरकार को चेतावनी दे रहे हैं। 

ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है
किसानों की भारी भीड़ और प्रदर्शन की वजह से चिल्ला बॉर्डर पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से पलपल की खबर से मुसाफिरों को अवगत करा रही है। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से कहा गया है कि किसान संगठनों के प्रदर्शन की वजह से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को डीएनडी टोल बॉर्डर और कालिंदी कुंज होकर जाना होगा। क्योंकि चिल्ला बॉर्डर अगली सूचना तक बंद रहेगा। नोएडा यातायात पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर लगातार जानकारी हासिल करते रहने को कहा है।

पुलिस-प्रशासन सतर्क है
प्रदर्शनकारी किसानों के हुजूम को देखते हुए नोएडा पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गए हैं। नोएडा के एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह खुद चिल्ला बॉर्डर पहुंच गए हैं। वहां अतिरिक्त सुरक्षाबलों की भी तैनाती कर दी गई है। पुलिस-प्रशासन हर परिस्थिति के लिए तैयार है और बॉर्डर पर पूरी मुस्तैदी बरती जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी प्रदर्शनकारी किसानों से बातचीत कर धरना खत्म करने के लिए मना रहे हैं। लेकिन भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हुए हमले से बेहद गुस्से में हैं।

टिकैत ने दी जानकारी
राकेश टिकैत शुक्रवार को अपनी टीम के साथ राजस्थान के अलवर में किसानों के साथ सम्मेलन करने गए थे। वहीं उनके काफिले पर उत्पातियों ने हमला किया था। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने ट्वीट पर घटना के बारे में लिखा है।उन्होंने लिखा कि, “राजस्थान के अलवर जिले के ततारपुर चौराहा, बानसूर रोड़ पर भाजपा के गुंडों द्वारा जानलेवा पर हमला किए गए, लोकतंत्र के हत्या की तस्वीरें।” किसान नेता ने इसका सारा दोष भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और सरकार पर लगाया है। किसान भी टिकैत पर जानलेवा हमले से हैरान हैं। उनका कहना है कि केंद्र सरकार किसानों की आवाज दबाने के लिए अब किसानों पर हमला कर रही है। 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.