हर फुटओवर ब्रिज पर तैनात होंगे सिक्योरिटी गार्ड्स, एक महीने में दो और एफओबी शुरू होंगे

नोएडा : हर फुटओवर ब्रिज पर तैनात होंगे सिक्योरिटी गार्ड्स, एक महीने में दो और एफओबी शुरू होंगे

हर फुटओवर ब्रिज पर तैनात होंगे सिक्योरिटी गार्ड्स, एक महीने में दो और एफओबी शुरू होंगे

CEO Ritu Maheshwari | CEO Ritu Maheshwari

Noida News : नोएडा में व्यस्ततम सड़कों पर एक तरफ से दूसरी ओर आवागमन करने के लिए बनाए गए फुटओवर ब्रिज पर अब हर वक्त सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे। सुरक्षा, सफाई और निगरानी करने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने अधिकारियों को यह आदेश दिया है। साथ ही अगले एक महीने के दौरान शहर में दो और प्रमुख जगहों पर एफओबी बनकर तैयार हो जाएंगे। इन्हें आम आदमी के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गार्ड तैनात होंगे
सीईओ ऋतु महेश्वरी ने कहा, "अब सभी एफओबी पर नियमित रूप से सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। सभी एफओबी की साफ-सफाई, लिफ्ट का संचालन और ट्राई कलर लाइटिंग आदि काम जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए। पूरी तरह से व्यवस्था होने पर रिपोर्ट दी जाए। इन व्यवस्थाओं की जांच के लिए औचक निरीक्षण किया जाएगा। जहां गड़बड़ी या कमी पाई जाएंगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।" ऋतु महेश्वरी ने आगे कहा, "शाम के वक्त और रात को फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करते हुए लोग कतराते हैं। खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। इसलिए शहर के सभी फुटओवर ब्रिज पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जाएंगे।"

सफाई का ख्याल रखा जाएगा और लिफ्ट बंद नहीं होंगी
सभी फुटओवर ब्रिज में दोनों और लिफ्ट लगाई गई हैं, जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग इनका आसानी से उपयोग कर सकें। देखने में आता है कि एजेंसियां बिजली का बिल कम करने के लिए लिफ्ट बंद कर देती हैं। जिसके चलते दिव्यांग और बुजुर्ग एफओबी इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं। सिक्योरिटी गार्ड लिफ्ट बंद नहीं होने देंगे। साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखेंगे। फुटओवर ब्रिज पर गंदगी फैलाने वालों को भी रोकेंगे। प्राधिकरण के अफसर नियमित रूप से एफओबी की जांच करने जाएंगे। नियमित रूप से रिपोर्ट अफसरों को भेजी जाएंगी।

इन दो स्थानों पर नए एफओबी शुरू होंगे
ऋतु महेश्वरी ने बताया कि शहर में 15 मई तक दो नए एफओबी शुरू हो जाएंगे। इनमें से एक एफओबी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर और दूसरा सेक्टर-100-104 के बीच बन रहा है। सेक्टर-100 वाला एफओबी 30 अप्रैल तक शुरू हो जाएगा। आपको बता दें कि शहर में एफओबी का निर्माण बिल्ट, ऑपरेट, ट्रांसफर (बीओटी) के आधार पर करवाया जा रहा है। जो एजेंसियां इनका निर्माण कर रही हैं, उन्हें लंबी अवधि तक इन पर विज्ञापन लगाने के अधिकार दिए गए हैं। जिनके जरिए कंपनी अपनी लागत वसूल करेंगी। कंपनी को पूरी लागत वापस मिलने के बाद फुटओवर ब्रिज नोएडा अथॉरिटी को ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।

शहीद भगत सिंह और लता मंगेशकर के नाम पर एफओबी
नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर के कई एफओबी अलग-अलग हस्तियों को डेडीकेटेड किए हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एक फुटओवर ब्रिज को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह के नाम पर बनाया गया है। इस फुटओवर ब्रिज पर सरदार भगत सिंह की पूरी जीवनी और प्रमुख घटनाओं को अंकित किया गया है। इसी तरह नोएडा में फिल्म सिटी के पास बनाया गया फुटओवर ब्रिज स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को समर्पित किया गया है। इस ब्रिज पर लता मंगेशकर के चित्र और जीवनी प्रदर्शित किए गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.