41वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोले पंकज सिंह-'भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर केंद्रित राजनीतिक दल है'

Noida: 41वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोले पंकज सिंह-'भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर केंद्रित राजनीतिक दल है'

41वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोले पंकज सिंह-'भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर केंद्रित राजनीतिक दल है'

Tricity Today | 41वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बोले पंकज सिंह

दुनिया में सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं वाली भारतीय जनता पार्टी आज अपना 41वां स्थापना दिवस मना रही है। पूरे देश में कार्यकर्ता उत्साह से भाजपा का स्थापना दिवस मना रहे हैं। भाजपा सामाजिक समरूपता और संपूर्ण मानवता के माध्यम से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का पालन करती है। यह दुनिया के सबसे ज्यादा स्वयंसेवकों के समूह का  संगठन है। नोएडा में भी पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सांसद, विधायक समेत सैकड़़ों की संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

वर्ष 1980 में हुई थी स्थापना
भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल, 1980 को हुई थी। 6 अप्रैल पार्टी की स्थापना के आधिकारिक दिवस के रूप में दर्ज है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी आज अपना 41वां स्थापना दिवस मना रही है। 6 अप्रैल, 1980 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अध्यक्षता में जनसंघ से निकले नेताओं ने भाजपा का गठन किया। अटल बिहारी वाजपेयी और लंबे अरसे तक उनकी परछाईं रहे पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने अथक श्रम किया। इन दोनों ने मिलकर पार्टी को 1984 में दो सीटों से 1998 में 182 सीटों पर पहुंचा दिया।


नोएडा मंडल के सभी बूथों पर कार्यक्रम हुआ
इस मौके पर भाजपा नोएडा के सभी मंडलों और बूथों पर कार्यकर्ताओं ने पूरे ज़ोर शोर से स्थापना दिवस मनाया। शहर के सभी मंडल पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल, सेक्टर-76 आम्रपाली प्लैटिनम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा उपस्थित रहे। क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल के साथ नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता भी कार्यक्रम में पहुंचे थे।  नोएडा के विधायक विधायक पंकज सिंह कृष्णा नगर मंडल के तिगरी कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। 

प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया
सेक्टर-12 में स्थित सरस्वती शिशु मंडल के कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद सुरेंद्र नागर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। निठारी, सेक्टर-30 के महाराणा प्रताप मंडल में नोएडा के पार्टी प्रभारी और बुलंदशह के पूर्व विधायक मुंशी लाल गौतम मौजूद रहे।  इसके अलावा तन्मय शंकर, मुकेश शर्मा, अशोक प्रधान एवं धर्मेंद्र गुप्ता ने अलग-अलग कार्यक्रमों में अगुवाई की। सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना और उनके हर वाक्य से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। 

सांसद ने संबोधित किया
गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने स्थापना दिवस के मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, “अंत्योदय पार्टी के मार्गदर्शक सिद्धांतों में से एक है। इस सिद्धांत को हम सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार सबके विकास के लिए संकल्पित है। केंद्र और भाजपा शासित राज्य सरकारों की नीतियों में इसकी छाप देखी जा सकती है।” डॉ महेश शर्मा ने आगे कहा, “आज दुनिया कोरोना महामारी के प्रकोप से जूझ रही है। यह एक विकट स्थिति है। भारत को भी इस कठिन चुनौती से दो-दो हाथ करने पड़ रहे हैं। इस चुनौती के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अत्यंत अनुशासित और समाधानपूरक कदम उठाए हैं। सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, महिला, दिव्यांग और व्यापार जगत के लिए लाभाकारी फैसले लिए हैं। 



विधायक पंकज सिंह बोले- कार्यकर्ताओं को जोड़ने वाला मंत्र है
नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुए। अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि, “भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतों और आदर्शों पर केंद्रित राजनीतिक दल है। यह परिवार, जाति या वर्ग की पार्टी नहीं है। भाजपा में कार्यकर्ताओं को जोड़ने वाला मंत्र है। भाजपा की विचारधारा को एक पंक्ति में कहना हो, तो वह ‘भारत माता की जय’ है। एकात्म मानववाद हमारा मूल दर्शन है। यह दर्शन मनुष्य और समाज के बीच कोई संघर्ष नहीं पैदा करता। बल्कि परिवार-गांव-राज्य-देश और सृष्टि तक उसकी पूर्णता देखता है।”
पंकज सिंह ने आगे कहा, “पंडित दीनदयाल ने हमेशा जरूरतमंदों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उनके आर्थिक विचारों में पंक्ति के अंतिम पड़ाव पर खड़ा व्यक्ति पहले स्थान पर शामिल रहा है। दीनदयाल जी के इस मंत्र पर केंद्र और भाजपा की राज्य सरकारें आगे बढ़ रही हैं। 

श्रेष्ठ भारत का निर्माण हो रहा है
नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता जी ने कहा कि, “आज भाजपा एक कुशल संगठन के रूप में आगे बढ़ रही है। गरीबों को सामाजिक सुरक्षा देते हुए उनकी औसत जीवन स्तर में बड़ा सुधार किया गया है। मुद्रा, जनधन, उज्जवला, स्वच्छता मिशन, शौचालयों का निर्माण, सौभाग्य योजना, दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना आवास योजना, सस्ती दवाएं, इलाज, आयुष्मान जैसी बेहतरीन योजनाओं पर काम किया गया है।  तकनीक के प्रयोग से कृषि में सुधार किए जा रहे हैं। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के इरादे से कई योजनाएं संचालित कर रही है। क्योंकि एक भारत-श्रेष्ठ भारत का रास्ता जरुरतमंदों की लाचारी को दूर करके ही हासिल होगा। 

भारी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे
स्थापना दिवस कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, विकास अग्रवाल क्षेत्रीय महामंत्री, मुंशी लाल गौतम नोएडा प्रभारी, चंदगीराम यादव, महामंत्री उमेश त्यागी, डिम्पल आनंद, गणेश जाटव, योगेन्द्र चौधरी, मनीष शर्मा, मुकेश शर्मा, महेश अवाना, पूनम सिंह, धर्मेंद्र गुप्ता, चमन अवन, राजकुमार झा, विनोद शर्मा, एसपी चमोली, कल्लू सिंह, बबलू यादव, गोपाल गौर, अशोक मिश्रा, लोकेश कश्यप, पंकज झा, राम मेहर कौशिक, मनोज चौहान, मुक्तानंद शर्मा, अजित पांडेय, मल्लिकेशवर झा आदि मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.