नोएडा से रात में नहीं चलेंगी बसें, रात्रि सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी बन्द

कोहरे का कहर : नोएडा से रात में नहीं चलेंगी बसें, रात्रि सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी बन्द

नोएडा से रात में नहीं चलेंगी बसें, रात्रि सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी बन्द

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

Noida News : कोहरे, धुंध और प्रदूषण के कॉकटेल ने दिल्ली-एनसीआर में पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 2 दिनों से सड़कों पर हादसे हो रहे हैं। जिनमें कई लोगों की जान चली गई हैं। केवल गौतमबुद्ध नगर में हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हुई हैं और 60 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अब उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने नोएडा डिपो से रात में चलने वाली बसों का संचालन बंद कर दिया है। रात्रि कालीन सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग को भी बंद कर दिया गया है।

रात 9 से सुबह 7 तक बसें नहीं मिलेंगी
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक नोएडा डिपो से रात 9 बजे से लेकर सवेरे 7 बजे तक बस सेवाओं का संचालन कोहरे के कारण बंद किया गया है। रात के इन 10 घंटों के दौरान बस सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। रात्रि सेवा की बसों का ऑनलाइन आरक्षण भी एक माह के लिए बंद रहेगा। मतलब, लोग घर बैठे रात्रिकालीन सेवाओं के लिए टिकटों की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। अब केवल सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 के बीच में ही बसों का संचालन होगा। इन्हीं बसों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग होगी।

नोएडा एक्सप्रेसवे समेत 7 सड़कों पर रफ्तार घटाई
कोहरे ने जिंदगी और रफ्तार थामकर रख दी है। सड़कों पर बुरा हाल है। विजिबिलिटी लगभग जीरो है। जिसके चलते पिछले 2 दिन से लगातार नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे हो रहे हैं। इन हालात पर काबू करने के लिए मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर ट्रेफिक पुलिस, नोएडा प्राधिकरण की ट्रैफिक सेल और प्रशासन की बैठक हुई। जिसमें शहर की तमाम सड़कों पर स्पीड लिमिट घटाने का फैसला लिया गया है। नोएडा अथॉरिटी की तरफ से एक बयान जारी कर कहा गया है कि नोएडा एक्सप्रेसवे पर अभी स्पीड लिमिट 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। इसके अलावा शहर की 6 और सड़कों पर स्पीड लिमिट अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। स्पीड लिमिट से ज्यादा तेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे ड्राइवरों के चालान काटे जाएंगे।

मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे से नीचे गिरी बस
आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हुआ है। झांसी से आगरा होते हुए दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी बस दनकौर के पास एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई। करीब 30 फुट नीचे जाकर खाई में गिरी बस का ड्राइवर स्टेरिंग में फंस गया। उसे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई और 15 बुरी तरह घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस और एक्सप्रेसवे मैनेजमेंट ने शहर के अस्पतालों में भर्ती किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.