मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी पहुंचे नोएडा, हरकत में प्रशासन, डीएम, सीएमओ समेत कई आलाधिकारियों संग चल रही है बैठक

बड़ी खबर: मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी पहुंचे नोएडा, हरकत में प्रशासन, डीएम, सीएमओ समेत कई आलाधिकारियों संग चल रही है बैठक

मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी पहुंचे नोएडा, हरकत में प्रशासन, डीएम, सीएमओ समेत कई आलाधिकारियों संग चल रही है बैठक

Tricity Today | हॉस्पिटल का जायजा लेते मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी

उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी शनिवार की सुबह नोएडा शहर का निरीक्षण करने निकले। उन्होंने सबसे पहले जिला अस्पताल और चाइल्ड पीजीआई का दौरा किया। उन्होंने इन दोनों अस्पतालों की बिल्डिंग और यहां मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उनके साथ गौतमबुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई, सीएमओ डॉ दीपक औहरी, सिटी मजिस्ट्रेट समेत कई आलाधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई के कॉन्फ्रेंस रूम में सभी अधिकारियों की बैठक शुरू हो गई है। जिसमें कई अहम फैसलों पर मंथन किया जाएगा। 

मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी के नोएडा पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। सभी आला अधिकारी उनकी अगवानी के लिए तैयार रहे। कार्यालय में अफसर और कर्मचारी समय पर पहुंचे। कोशिश की गई कि मुख्य सचिव को किसी बिंदु पर शिकायत का मौका ना मिले। राजेंद्र तिवारी के नोएडा दौरे से शहर को कई अहम सुविधाएं मिलेंगी। 

स्वास्थ्य सेवाओं पर होगा फोकस
खासतौर पर स्वास्थ्य और प्रशासनिक क्षेत्र में आमूलचूल बदलाव की नींव रखी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही गौतमबुद्ध नगर, कानपुर और लखनऊ समेत कई बड़े शहरों में स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव की पैरवी कर चुके हैं। उन्हें अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्य सचिव का नोएडा आगमन उसी दिशा में एक कदम है। 

कमियों को दूर किया जाएगा
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि उनके प्रमुख एजेंडे में शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देना है। नोएडा में स्वास्थ्य से जुड़ी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता में है। मुख्य सचिव के चाइल्ड पीजीआई और जिला अस्पताल के दौरे से यह साफ है। क्योंकि उन्होंने इन दोनों अस्पतालों में उपकरणों का भी निरीक्षण किया था। शहर के लोगों के स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद अहम अत्याधुनिक मेडिकल डिवाइस की उपलब्धता पर जोर दिया जाएगा। राज्य सरकार इन दोनों अस्पतालों को अत्याधुनिक बनाना चाहती है। इसके लिए इनमें नवीनतम तकनीक वाले उपकरण आवश्यक हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.