शिवालयों पर उमड़ी भक्तों की भीड़, जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें

Mahashivratri 2021: शिवालयों पर उमड़ी भक्तों की भीड़, जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें

शिवालयों पर उमड़ी भक्तों की भीड़, जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें

Tricity Today | जलाभिषेक के लिए कतारों में भक्त

आज महाशिवरात्रि है। जिलेभर में शिवालयों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। सुबह से ही लोग भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने और जलाभिषेक करने के लिए लंबी-लंबी कतारों में लगे हुए हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, दनकौर, जेवर, रबूपुरा और बिलासपुर समेत ग्रामीण इलाकों में शिव मंदिरों पर लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। महिलाएं, पुरुष, बच्चे, युवक और बुजुर्ग हर कोई भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने का प्रयास कर रहा है।



नोएडा में सरफाबाद सेक्टर-73 के प्राचीन शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि के मौके पर भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है। तड़के 4:00 बजे से ही शिव भक्तों का ताता मंदिर में लग गया था। अभी भी सैकड़ों की संख्या में लोग कतारों में लगे हुए हैं। छालेरा गांव सेक्टर-44 में प्राचीन शिव मंदिर और बाबा बाल नाथ आश्रम है। यहां महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से अखंड कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए भारी भीड़ जुटी हुई है।



नोएडा में सनातन धर्म मंदिर, भूढ़ा महादेव, बरोला, मोरना और निठारी के शिवालयों में गुरुवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। दूसरी ओर व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोएडा पुलिस ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर के मंदिरों पर फोर्स तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी बुजुर्गों और महिलाओं की मदद कर रहे हैं। इसी तरह ग्रेटर नोएडा शहर के साथ जिले के कस्बों और गांवों में भी शिवालयों पर भारी भीड़ है। ग्रेटर नोएडा में सेक्टर बीटा टू, गामा टू, झंडेवाला मंदिर, दादरी, दनकौर द्रोणाचार्य मंदिर, बिसरख में रावण का मंदिर और जेवर में जावली ऋषि के मंदिर पर हजारों की संख्या में शिव भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।



आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा में तीन मंदिरों का पौराणिक महत्व है। इनमें बिसरख के शिव मंदिर की स्थापना लंकापति रावण के पिता महर्षि विश्रवा ने की थी। यहां चार मुखी महादेव का शिवलिंग स्थापित है। दनकौर कस्बे में महाभारत कालीन शिवालय है। यहां कौरव और पांडवों के गुरु द्रोणाचार्य ने आश्रम और यह मंदिर स्थापित किया था। इसका भी पौराणिक महत्व है। इसी तरह जेवर कस्बे में महर्षि जावली ने शिवालय की स्थापना की थी। यह भी प्राचीन और बड़े महत्व वाला शिवालय है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर इन तीनों मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पूरे जिले से लोगों की भीड़ जुटती है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.