फोनरवा ने सर्किल रेट बढ़ाने पर जताई आपत्ति, कहा- ‘नोएडा में घर खरीदना सपना हो जाएगा’

Noida News: फोनरवा ने सर्किल रेट बढ़ाने पर जताई आपत्ति, कहा- ‘नोएडा में घर खरीदना सपना हो जाएगा’

फोनरवा ने सर्किल रेट बढ़ाने पर जताई आपत्ति, कहा- ‘नोएडा में घर खरीदना सपना हो जाएगा’

Google Image | प्रतीकात्मक तस्वीर

  • कोरोना महामारी की वजह से शहरवासी विषम परिस्थितियों से गुजर रहे हैं
  • आर्थिक नुकसान के कारण रियल एस्टेट अभी भी संघर्ष कर रहा है
  • नोएडा में सर्किल दरों की तुलना संपत्ति के वास्तविक बाजार मूल्य से की जानी चाहिए
  • जनपद में सर्किल रेट ना बढ़ा कर इसे और कम किया जाए
Noida News: नोएडा के आरडब्लूए और एओए की संस्था फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने जनपद में सर्किल रेट बढ़ाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताई है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और महासचिव केके जैन ने इस संबंध में जिलाधिकारी सुहास एलवाई (DM Suhas LY IAS) को एक चिट्ठी लिखकर आपत्ति दर्ज कराई है। संगठन ने फिलहाल हालात को देखते हुए सर्किल रेट नहीं बढ़ाने का अनुरोध किया है। दरअसल जिला प्रशासन ने सर्किल रेट बढ़ाने, कई सेक्टर की श्रेणी बदलने और लोकेशन चार्ज जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आपत्तियां मांगी हैं। 

आर्थिक नुकसान से हालात खराब
फोनरवा के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा और महासचिव के के जैन ने कहा है कि, कोरोना महामारी की वजह से शहरवासी विषम परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। भारी वित्तीय  नुकसान के कारण लोगों की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इसके कारण लोग अपना घर बनाने की स्थिति में नहीं हैं। आर्थिक नुकसान के कारण रियल एस्टेट अभी भी संघर्ष कर रहा है। रियल एस्टेट क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के लिए विभिन्न राज्य सरकारों ने आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक संपत्ति के लिए सर्किल दरों में कटौती की है। 

सर्किल दरें वास्तविक बाजार दरों से अधिक
संगठन ने आगे कहा, ‘नोएडा में सर्किल दरों की तुलना संपत्ति के वास्तविक बाजार मूल्य से की जानी चाहिए। नोएडा पूरे भारत में एकमात्र संपत्ति बाजार है, जहां सर्किल दरें वास्तविक बाजार दरों से अधिक हैं। कई सेक्टरों में उनकी श्रेणियों में बदलाव किया गया है, जबकि वहां पर अभी भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। नोएडा शहर में कम आय के नागरिक अपना आशियाना बनाने का सपना भी नहीं देखते। मध्यम वर्ग नोएडा शहर को अपना स्थायी ठिकाना बनाना चाहते है। मगर सर्किल रेट और दूसरे चार्ज लगाने से उनके भी यहां घर बनाने की इच्छा अधूरी रह जाएगी।’ 

कम किया जाए सर्किल रेट
फोनरवा ने कहा है, ‘हमारा आपसे अनुरोध है कि जनपद में सर्किल रेट ना बढ़ा कर इसे और कम किया जाए। इससे आम आदमी जिले में अपने लिए आशियाना बनाने की उम्मीद रख सके। इससे भारत सरकार के 2022 में सभी के पास अपने घर के वादे को पूरा करने में बल मिलेगा। सर्किल रेट कम होने से यह लोग घर खरीद सकेंगे। इसलिए फोनरवा नोएडा निवासियों के हित में सर्किल रेट बढ़ाने का पूरजोर विरोध करता है।’

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.