बृजेश के माता-पिता बोले- हत्यारों को सजा दिलाकर रहेंगे, बहु के साथ आएंगे नोएडा

नोएडा गार्डन गैलेरिया हत्याकांड : बृजेश के माता-पिता बोले- हत्यारों को सजा दिलाकर रहेंगे, बहु के साथ आएंगे नोएडा

बृजेश के माता-पिता बोले- हत्यारों को सजा दिलाकर रहेंगे, बहु के साथ आएंगे नोएडा

Tricity Today | बृजेश के माता-पिता और पत्नी

Noida News : नोएडा गार्डन गैलरिया मॉल के लॉस्ट लेमन रेस्टोरेंट में बाउंसरों की पिटाई के कारण बृजेश नाम के युवक की मौत हो गई। इस हत्याकांड में शामिल 7 लोगों को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार करके बुधवार की दोपहर जेल भेज दिया है। अभी 2 लोग फरार हैं। बृजेश की पत्नी उनका शव लेकर पैतृक गांव बिहार में सिवान जिले के हसनपुरा पहुंची हैं। बुधवार की शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस दौरान बृजेश राय के माता-पिता ने कहा, "हम अपने बेटे के हत्यारों को सजा दिलाकर रहेंगे। कर्मकांड की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बहू के साथ नोएडा जाएंगे।"

मृतक के पिता श्रीकांत राय और माता मंजू राय ने हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ब्रजेश अपने भाइयों में सबसे छोटा था। ब्रजेश का बड़ा भाई एयरफोर्स में है। पिता श्रीकांत राय रिटायर्ड इंजीनियर हैं। ब्रजेश की पत्नी मृतक के शव लेकर बुधवार को पैतृक गांव भगवानपुर के हसनपुरा पहुंची। जहां उनकी अंतिम संस्कार किया गया है। श्रीकांत राय ने कहा, "हम बृजेश के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे। बहू के साथ पूरे मामले का पता लगाने के लिए नोएडा जाएंगे।"

सोमवार तड़के करीब 3 बजे बृजेश की हत्या के बारे में जानकारी मिलने के बाद से उनकी मां मंजू राय बेसुध हैं। वह किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रही हैं। रह रहकर रोने लगती हैं। बेटे का फोटो हाथ में लेकर मंगलवार को दिनभर बैठी रहीं। बुधवार को जब बृजेश का शव उनके घर पहुंचा तो बिलख बिलखकर रोईं। पूरे वक्त बेहोश रहती हैं। जब होश आता है तो रोने लगती हैं। आस पड़ोस की महिलाएं उन्हें किसी तरह संभाल रही हैं। ब्रजेश के पिता श्रीकांत राय ने बताया, "बहू ने सुबह तीन बजे फोन करके इस घटना की जानकारी दी। बस, उसने इतना कहा कि पापा.. ब्रजेश नहीं रहे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने की बात कही गयी है।"

इन बुजुर्गों के पास अब केवल बृजेश से जुड़ी यादें बाकी बची हैं। श्रीकांत राय बार-बार पिछले दिनों के दौरान बेटे से हुई बातों को दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमारी 22 अप्रैल को ब्रजेश से बात हुई थी। भागलपुर में ब्रजेश की साली की शादी थी। उसके दो बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी हैं। ब्रजेश इससे पहले पुणे में काम करता था। वह करीब 6 माह पहले ही नोएडा आया था। उसने नई कंपनी में नौकरी ज्वाइन की थी। हमारी बहू की नौकरी भी नोएडा के डीपीएस स्कूल में बतौर अध्यापिका लग गई थी। दोनों वहां खुशी-खुशी रह रहे थे। पता नहीं हमारे परिवार को किसकी नजर लग गई।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.