हैकरों ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल को बनाया निशाना, ई-मेल हैक कर लोगों से मांगी रकम, जांच में जुटी पुलिस

Noida News: हैकरों ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल को बनाया निशाना, ई-मेल हैक कर लोगों से मांगी रकम, जांच में जुटी पुलिस

हैकरों ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल को बनाया निशाना, ई-मेल हैक कर लोगों से मांगी रकम, जांच में जुटी पुलिस

Google Image | Former Governor Prabhat Kumar

साइबर अपराधियों के हौसले बुंलद हैं। छोटे-मोटे अपराध तो सामान्य हो गए हैं। मगर हाई प्रोफाइल हैकिंग के मामले भी आम होते जा रहे हैं। ताजा मामले में हैकर्स ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल और पूर्व कैबिनेट सचिव प्रभात कुमार का ई-मेल आईडी हैक कर लिया है। प्रभात कुमार नोएडा सेक्टर-39 में रहते हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दिया है।

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राजेश एस ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नोएडा के सेक्टर-39 में रहने वाले झारखंड के पूर्व राज्यपाल तथा पूर्व कैबिनेट सचिव प्रभात कुमार ने थाना सेक्टर-39 में ई-मेल आईडी हैक होने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा कि अज्ञात साइबर हैकरों ने उनका निजी ई-मेल हैक कर लिया।
    
पूर्व राज्यपाल को इसकी जानकारी 22 फरवरी को हुई। जब वह अपना ई-मेल पासवर्ड डालकर खोलने की कोशिश कर रहे थे, तब उन्हें इसका पता चला। वह अपना ई-मेल नहीं खोल पाए। डीसीपी ने बताया कि पूर्व राज्यपाल को यह भी पता चला कि इस ई-मेल के जरिए संदेश भेजकर लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं। 

अपराध की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पूर्व राज्यपाल ने आशंका जताई है कि साइबर हैकर उनकी आईडी से राष्ट्र विरोधी गतिविधियां कर सकते हैं। प्रभात कुमार 1963 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह 1998 से 2000 के बीच कैबिनेट सचिव पद पर रहे। बिहार से अलग झारखंड के गठन के बाद वह इस राज्य के पहले राज्यपाल बने।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.