100 महिलाओं को बना चुका है शिकार, पुलिस ने पकड़ा तो हुआ खुलासा

NOIDA : 100 महिलाओं को बना चुका है शिकार, पुलिस ने पकड़ा तो हुआ खुलासा

100 महिलाओं को बना चुका है शिकार, पुलिस ने पकड़ा तो हुआ खुलासा

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

पुलिस ने मंगलवार को एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह अब तक 100 से ज्यादा महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। ताजा मामले में आरोपी एक महिला बैंक मैनेजर की आपत्तिजनक तस्वीर को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर रुपये ऐंठने की कोशिश में था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को धर दबोचा। इससे पहले भी आरोपी दो बार जेल जा चुका है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी की पहचान सुमित झा (26) के रूप में हुई है। आरोपी नोएडा सेक्टर-82 का रहने वाला है। सुमित झा ने बी. कॉम किया है। अब तक वह 100 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। आरोपी महिलाओं के सोशल मीडिया अकाउंट से उनकी तस्वीर को डाउनलोड कर लेता है। फिर उन तस्वीरों में छेड़छाड़ कर उन्हें आपत्तिजनक बना देता है। इसके बाद सुमित आपत्तिजनक तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर रुपये वसूलता था। उसे 2018 में छत्तीसगढ़ और नोएडा में पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता एक निजी बैंक में मैनेजर है। वह दिल्ली के मालवीय नगर में रहती है। उसने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा था कि आरोपी ने उसका उत्पीड़न किया है। रुपये ऐंठने की कोशिश की। झा ने धमकी दी थी कि वह उसके (पीड़िता के) सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें पूरी दुनिया में फैला देगा। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि, 'जांच के दौरान गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।‘ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी के अब तक के सभी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.