साढ़े 3 महीने बाद हुई जांच पूरी, पुलिस और प्रशासन की बड़ी कमियां, 4 मजदूरों की मौत...

नोएडा जलवायु विहार मामला : साढ़े 3 महीने बाद हुई जांच पूरी, पुलिस और प्रशासन की बड़ी कमियां, 4 मजदूरों की मौत...

साढ़े 3 महीने बाद हुई जांच पूरी, पुलिस और प्रशासन की बड़ी कमियां, 4 मजदूरों की मौत...

Google Image | साढ़े 3 महीने बाद हुई जांच पूरी, पुलिस और प्रशासन की बड़ी कमियां

Noida News : वह 20 सितंबर 2022 का दिन, जब जलवायु विहार में 4 मजदूरों की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई थी। इस मामले में अब करीब साढ़े तीन महीने बाद जांच पूरी हुई है। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ रितु माहेश्वरी के आदेश पर टीम का गठन किया गया था और जांच के आदेश दिए गए थे। अब इस मामले में नोएडा अथॉरिटी की टीम ने जांच पूरी कर ली है। 

अथॉरिटी ने पास नहीं करवाया था नक्शा
जांच में सामने आया है कि निर्माण करने वाली कंपनी की घोर लापरवाही थी। नाले की दीवार बनाते समय सोसाइटी की दीवार को गिराने से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। जांच में एक बड़ी चीज यह भी सामने आई है कि सोसायटी के जिस दीवार को बनाया गया था, उसका नक्शा नोएडा अथॉरिटी ने पास नहीं किया था। जांच पूरी होने के बाद उच्च अधिकारियों को पूरी रिपोर्ट भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि बहुत ही जल्द अब इस मामले में कई अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।

जिला प्रशासन की जांच अधूरी
बताया जा रहा है कि इस मामले में नोएडा अथॉरिटी ने तो अपनी जांच पूरी कर ली है, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन की जांच अधूरी है। गौतमबुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई ने जांच करने की जिम्मेदारी एडीएम वित्त को सौंपी है, लेकिन करीब साढ़े 3 महीने बाद भी जिला प्रशासन अपनी जांच पूरी नहीं कर पाया है। 

मुख्य आरोपी अर्जुन यादव फरार
वहीं, दूसरी ओर इस मामले में अधिकारियों की शिकायत के आधार पर सेक्टर-20 कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। जिसके बाद पुलिस ने ठेकेदार सुंदर यादव और गुल मोहम्मद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन अभी भी मुख्य आरोपी अर्जुन यादव फरार चल रहा है। 

कंपनी अभी तक ब्लैक लिस्ट नहीं हुई
इसके अलावा एक और बड़ी बात पता चली है कि जिम्मेदार कंपनी को अभी तक प्राधिकरण ने ब्लैक लिस्ट नहीं किया है। बताया जा रहा है कि जिम्मेदार कंपनी का मालिक बहुत ही प्रभावशाली है, जिसकी वजह से पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारी उसके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.