नोएडा के जॉइंट सीपी लव कुमार डेप्यूटेशन पर जाएंगे दिल्ली, एक और आईपीएस को मिली एनओसी

BIG BREAKING : नोएडा के जॉइंट सीपी लव कुमार डेप्यूटेशन पर जाएंगे दिल्ली, एक और आईपीएस को मिली एनओसी

नोएडा के जॉइंट सीपी लव कुमार डेप्यूटेशन पर जाएंगे दिल्ली, एक और आईपीएस को मिली एनओसी

Google Image | लव कुमार

Noida/Lucknow/Delhi : गौतमबुद्ध नगर के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली जा रहे हैं। इसके लिए जरूरी राज्य सरकार की अनापत्ति शुक्रवार को मिल गई है। वह जल्दी अपने मूल कैडर उत्तर प्रदेश से कार्य मुक्त हो जाएंगे। लव कुमार के अलावा बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स भी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। उन्हें भी उत्तर प्रदेश सरकार ने अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया है।

लव कुमार 2004 बैच के आईपीएस अफसर
लव कुमार उत्तर प्रदेश कैडर में पुलिस महानिरीक्षक हैं। वह फिलहाल गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में बतौर संयुक्त आयुक्त कार्यरत हैं। लव कुमार 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से ज्योतिबाफुले नगर के रहने वाले हैं। गौतमबुद्ध नगर में यह उनकी दूसरी पोस्टिंग है। पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने से पहले वह जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। लव कुमार 1 जनवरी 2018 को बतौर डीआईजी और फिर 1 जनवरी 2022 को बतौर आईजी प्रोन्नत किए गए थे। गौतमबुद्ध नगर में तैनात रहते ही वह आईजी की पोस्ट पर प्रोन्नत हुए हैं। अब अगले 5 वर्षों तक केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत रहेंगे।

दोनों पदोन्नति गौतमबुद्ध नगर में पोस्टिंग के दौरान मिलीं
आपको बता दें कि वर्ष 2017-18 में लव कुमार करीब एक वर्ष के लिए गौतमबुद्ध नगर में बतौर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। जनपद में उनका कार्यकाल बेहद शानदार रहा था। इस दौरान पदोन्नति होने पर उनका स्थानांतरण गौतमबुद्ध नगर से जेल विभाग में किया गया था। करीब 2 वर्ष वह बतौर डीआईजी जेल रहे थे। गौतमबुद्ध नगर जेल के प्रभारी डीआईजी भी रहे। 2017 में स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस महानिदेशक की ओर से शानदार काम के लिए रजत पदक दिया गया था। वर्ष 2019 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ही स्वर्ण पदक दिया गया। खास बात यह है कि लव कुमार को दोनों पदोन्नतियां गौतमबुद्ध नगर में तैनाती के दौरान ही मिली हैं।

सौम्य स्वभाव के लिए खासे लोकप्रिय हैं
ज्योतिबाफुले नगर के रहने वाले हैं और उनका विज्ञान में स्नातक करने के बाद भारतीय पुलिस सेवा में चयन हुआ था। वह गौतमबुद्ध नगर और सहारनपुर समेत कई बड़े जिलों में बतौर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तैनात रह चुके हैं। लव कुमार को सौम्य और मिलनसार स्वभाव के लिए जाना जाता है। वह गौतमबुद्ध नगर में तैनात रहे उन पुलिस अफसरों में शामिल हैं, जो खासे लोकप्रिय रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.