नोएडा कैलाश अस्पताल में बम की सूचना, पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वायड पहुंचा, सर्च ऑपरेशन जारी

BIG BREAKING : नोएडा कैलाश अस्पताल में बम की सूचना, पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वायड पहुंचा, सर्च ऑपरेशन जारी

नोएडा कैलाश अस्पताल में बम की सूचना, पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वायड पहुंचा, सर्च ऑपरेशन जारी

Google Image | कैलाश अस्पताल, नोएडा

नोएडा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी मिली है कि शहर के सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल में बम रखने की सूचना दी गई है। किसी अज्ञात कॉलर ने अस्पताल के रिसेप्शन पर फोन करके यह जानकारी दी है। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचे हैं। डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक अस्पताल में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। एहतियात के तौर पर अस्पताल के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर को खाली करवाया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की दोपहर बाद किसी कॉलर ने कैलाश अस्पताल के रिसेप्शन पर फोन किया। उसने जानकारी दी कि अस्पताल के बेसमेंट में बम रखा हुआ है। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में नोएडा पुलिस को जानकारी दी। मौके पर भारी फोर्स और बम डिस्पोजल स्क्वायड भेजा गया है। अस्पताल के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर को खाली करवाया गया है। बम निरोधक दस्ता बेसमेंट में सघन तलाशी ले रहा है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बम होने की कोई सूचना नहीं मिली थी।

पुलिस का कहना है कि सूचना गलत भी हो सकती है। यह हो सकता है किसी सरफिरे ने दहशत फैलाने या परेशान करने के लिए हॉक्स कॉल किया हो, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तसल्ली होने तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। इस दौरान अस्पताल का कामकाज भी प्रभावित हुआ है। रूटीन और आपातकालीन सेवाओं पर असर पड़ा है।

पुलिस ने एहतियात बरतते हुए मौके पर फायर ब्रिगेड और तमाम दूसरे इंतजाम कर लिए हैं। अस्पताल में प्रवेश करने पर पाबंदी लगा दी गई है। अस्पताल से करीब 100 मीटर के दायरे में पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। लोगों को उस ओर जाने से रोका जा रहा है। सूचना मिलने के बाद अस्पताल के इर्द-गिर्द भारी भीड़ जमा हो गई है। आपको बता दें कि कैलाश अस्पताल गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा का है। जानकारी मिली है कि डॉ.महेश शर्मा मौके पर मौजूद नहीं हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.