नोएडा किसान आंदोलन मामले में पंकज सिंह ने की अवनीश अवस्थी से बात, जल्द होगी किसानों की रिहाई

BIG BREAKING : नोएडा किसान आंदोलन मामले में पंकज सिंह ने की अवनीश अवस्थी से बात, जल्द होगी किसानों की रिहाई

नोएडा किसान आंदोलन मामले में पंकज सिंह ने की अवनीश अवस्थी से बात, जल्द होगी किसानों की रिहाई

Tricity Today | सुखवीर पहलवान और पुलिस के बीच नोकझोंक (File Photo)

Noida Farmers Agitation : नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने मंगलवार शाम उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी से फोन पर बातचीत की है। दरअसल, यह मामला नोएडा के किसानों की विभिन्न समस्याओं से जुड़ा हुआ है। नोएडा प्राधिकरण पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले करीब 80 किसानों को पुलिस ने जेल में बंद कर दिया है। इस मुद्दे पर मंगलवार को नोएडा के विधायक और उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने मंगलवार शाम अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी से बातचीत की।

पंकज सिंह ने की अवनीश अवस्थी से बात
पंकज सिंह ने "ट्राईसिटी टुडे" से बात करते हुए बताया कि उन्होंने मंगलवार को अवनीश अवस्थी से बात की है। आंदोलन के चलते जिन किसानों को जेल में बंद कर दिया गया है, उन किसानों की रिहाई को लेकर बातचीत की गई है। पंकज सिंह ने अवनीश कुमार अवस्थी से बात करते हुए कहा कि नोएडा के किसानों को प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तार किया गया है। इस पर विचार करना चाहिए। इस पर अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि वह इस मामले में बातचीत कर रहे हैं। जल्दी इस समस्या का समाधान किया जाएगा। वह किसानों की समस्याओं के निस्तारण को लेकर अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। अवनीश कुमार अवस्थी ने पंकज सिंह को आश्वासन दिया कि किसानों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

आलोक सिंह और सतीश महाना से भी हुई चर्चा
इससे पहले पंकज सिंह ने नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह और औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना से किसानों की रिहाई के मुद्दे पर बातचीत की। पंकज सिंह ने आलोक सिंह से कहा कि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मिलकर किसानों के साथ वार्तालाप करें। किसानों की रिहाई के बारे में जल्द से जल्द समाधान करें। उन्होंने सतीश महाना से बातचीत करते हुए कहा कि नोएडा के किसान अपनी मांगों को लेकर प्राधिकरण पर प्रदर्शन करने पहुंचे। कुछ किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस विषय में नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और किसानों को आपस में बैठकर बातचीत करनी चाहिए, उसी से समस्या का हल निकलेगा। इस पर सतीश महाना ने भी पंकज सिंह से कहा कि उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से बातचीत की है। किसानों और अधिकारियों के बीच वार्तालाप करके जल्द समस्या का हल निकाला जाएगा।

मानवाधिकार आयोग को लिखा पत्र
आपको बता दें कि नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ ग्रामीणों के विरोध-प्रदर्शन में अब तक 80 से ज्यादा लोगों को जेल भेजा जा चुका है। जिनमें इस आंदोलन को खड़ा करने वाले सुखवीर पहलवान समेत कई नेता शामिल हैं। इन लोगों के परिजनों ने अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखा है। जिसमें कहा गया है कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गिरफ्तार किसानों को कहां रखा, यह जानकारी नहीं दी जा रही है। यह सीधे तौर पर मानवाधिकारों का उल्लंघन है।

पुलिस ने कहा- किसानों ने किया था धारा-144 का उल्लंघन
अपर पुलिस आयुक्त कानून- व्यवस्था लव कुमार ने बताया था कि किसानों ने धारा-144 का उल्लंघन किया। जिले में 30 सितंबर तक धारा 144 लागू है। फिर भी इन किसानों ने नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था को बिगड़ते हुए देख इन किसानों को गिरफ्तार किया है। उनका कहना है कि कोई भी व्यक्ति अगर जिले में शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.