जिले में भी चौरी चौरा के शहीदों को किया गया याद, सांसद-विधायक सहित सभी गणमान्य रहे मौजूद

नोएडा : जिले में भी चौरी चौरा के शहीदों को किया गया याद, सांसद-विधायक सहित सभी गणमान्य रहे मौजूद

जिले में भी चौरी चौरा के शहीदों को किया गया याद, सांसद-विधायक सहित सभी गणमान्य रहे मौजूद

Tricity Today | चौरी चौरा शताब्दी समारोह में मौजूद गणमान्य और अधिकारी

आज पूरे प्रदेश में चौरी चौरा शताब्दी समारोह पर कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया जा रहा है। नोएडा में भी चौरी चौरा के शहीदों को याद करते हुए सेक्टर-37 स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा ने अमर सपूतों को याद करते हुए कहा, असंख्य वीर जवानों ने आजादी के लिए अपना वर्तमान देकर हमारे भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया। चौरी चौरा कांड हमें बताता है कि देश के वीर जवानों में आजादी के प्रति कितना जुनून था।” उन्होंने सभी शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। 

नोएडा के विधायक पंकज सिंह और डीएम सुहास एलवाई भी कार्यक्र में मौजूद रहे। वहां उपस्थित सभी लोगों ने मां भारती के सपूतों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। डॉक्टर महेश शर्मा और डीएम सुहास एलवाई ने शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प अर्पित कर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता जताई। पंकज सिंह ने भी चौरी चौरा के सेनानियों को नमन करते हुए पुष्पांजलि दी। उन्होंने कहा कि एक देश के रूप में हम उन अमर बलिदानी पूर्वजों की कुर्बानी को भूल नहीं सकते। 

उन्होंने सभी को इतिहास याद दिलाते हुए बताया कि 4 फरवरी को स्थानीय लोग चौरी-चौरा कस्बे में महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन के समर्थन में जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान स्थानीय पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। पुलिस ने गोलीबारी  कर दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। इससे प्रदर्शनकारियों का आक्रोश भड़क गया। जान बचाने के लिए पुलिसवाले थाने में छिप गए। पर गुस्साई भीड़ ने बाहर से कुंडी लगाकर थाने में आग लगा दी। 

इस घटना में 22 पुलिसकर्मी मारे गये। इससे क्षुब्ध महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन वापस ले लिया। चौरी-चौरा काण्ड में 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी। हालांकि वकील पंडित मदन मोहन मालवीय की पैरवी से इनमें से 151 लोग फांसी की सजा से बच गये। बाकी 19 लोगों को दो से 11 जुलाई, 1923 के दौरान फांसी दे दी गई। इस घटना में 14 लोगों को उम्र कैद और 10 लोगों को आठ साल सश्रम कारावास की सजा मिली थी।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि देकर शहीदों को नमन किया
भारतीय जनता पार्टी के नोएडा महानगर के कार्यकर्ताओं ने भी चौरी चौरा कांड के 100 वर्ष पूरे होने पर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें नमन किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शहीद स्मारक स्थल पहुंचे थे। जहां उन्होंने पुष्प अर्पित कर शहीदों को याद किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता और युवा मोर्चा के महानगर प्रभारी मनीष शर्मा ने कार्यकर्ताओं को बेहतरीन कार्य करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में युवाओं की बड़ी भूमिका रही थी। आधुनिक भारत बनाने में भी युवा पीढ़ी का अहम योगदान है।

कार्यक्रम संयोजक और भारतीय जनता युवा मोर्चा नोएडा महानगर के संयोजक रामनिवास यादव ने सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया और कहा कि मनोज गुप्ता के नेतृत्व में संगठन के सभी कार्यक्रमों को ऐसे ही संपन्न करते रहें। इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश मंत्री सत्येंद्र नागर, क्षेत्रीय मंत्री भूपेश चौधरी, राघवेंद्र दुबे, नवीन मिश्रा, सत्यम सिंह, अर्पित मिश्र, राजेश शर्मा, विकास अवाना, नीरज चौधरी, रोहित नागर, मोहित कुमार, भूपेन्द्र सेनी, अंकुश चौधरी, प्रशांत शर्मा, हर्ष शर्मा, साहिल राठी, सेंटी गुर्जर, अभिनंदन सिंह, राजेश शाह, विकास राणा, मोनू उपाध्याय आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.