शूटिंग रेंज का नाम ‘चंद्रो तोमर’ करने पर बोर्ड बैठक में लगी मुहर, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने की थी घोषणा

नोएडा: शूटिंग रेंज का नाम ‘चंद्रो तोमर’ करने पर बोर्ड बैठक में लगी मुहर, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने की थी घोषणा

शूटिंग रेंज का नाम ‘चंद्रो तोमर’ करने पर बोर्ड बैठक में लगी मुहर, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने की थी घोषणा

Tricity Today | शूटिंग रेंज में विधायक धीरेंद्र सिंह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-21ए स्टेडियम में बने शूटिंग रेंज का नाम बदलने को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को हुई बोर्ड बैठक में इस पर मुहर लगाई गई। अब नोएडा स्टेडियम के शूटिंग रेंज को ‘चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज’ के नाम से जाना जाएगा। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-21ए स्टेडियम के परिसर में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 4450 वर्ग मीटर में शूटिंग रेंज का निर्माण कराया है। इसी महीने 22 जून को योगी आदित्यनाथ ने इसका नाम बदलने की घोषणा की थी। जेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह (BJP MLA Dhirendra Singh) और नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह (Police Commissioner Alok Kumar Singh) ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शूटिंग रेंज का नाम बदलने की सिफारिश की थी। 

दादी चंद्रो तोमर बागपत की रहने वाली थीं। वह दुनिया की सबसे उम्रदराज निशानेबाज थीं। इसी साल 30 अप्रैल को कोरोना वायरस से उनका निधन हो गया था। मेरठ के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मगर वह कोरोना वायरस को नहीं हरा सकीं। 21 जून को ही विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने खत में शूटिंग रेंज को दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखे जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि ऐसा करके महिला सशक्तिकरण को बल दिया जा सकेगा। सही मायने में यह उन्हें श्रद्धांजलि होगी। इस फैसले से उनके नाम को अमरत्व मिलेगा। हमारी आने वाली पीढ़ी उन्हें याद करेगी। 

नोएडा शूटिंग रेंज-एक नजर में
सेक्टर-21ए में बना शूटिंग रेंज में एक साथ 66 शूटर हिस्सा ले सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण ने 4450 वर्ग मीटर में करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से इसको बनाया था। इसमें सिविल के कामकाज की 14 व 6 करोड़ बिजली विभाग की लागत आई थी। इसका शुभारंभ 25 जनवरी 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। इसमें 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यहां पर कोच, जज रूम के अलावा कॉन्फ्रेंस रूम सहित कई सुविधाएं हैं। इसका शुभारंभ होने के बाद इसमें यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से मार्च महीने में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। तब तक इसके संचालन के लिए एजेंसी का चयन नहीं हो सका था। अब नोएडा प्राधिकरण ने एजेंसी का चयन कर लिया है। इसका जिम्मा मानव रचना एजेंसी को सौंपा है। अभी तक यहां पर कोविड मरीजों के लिए अस्थाई कोविड हॉस्पिटल खुला हुआ था। दूसरी लहर का कहर लगभग खत्म होने के बाद अस्पताल खाली हुआ था। अब इसकी साफ-सफाई हो चुकी है।

इस शूटिंग रेंज में तीन श्रेणी के शूटिंग स्टेशन बनाए गए हैं - 
   वर्ग                        स्टेशन
10 मीटर                    33
25 मीटर                    16
50 मीटर                    17

एमएलए धीरेंद्र सिंह ने लिखी चिट्ठी
धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा था, "ऐसे ग्रामीण परिवेश में रहने वाली एक महिला, जहां रूढ़िवादी बंधनों की बहुतायत हो, उस माहौल से निकलकर देश और दुनिया में महिलाओं का नाम रोशन करने वाली चंद्रो देवी ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर चलकर इस देश की अन्य महिलाएं भी अपना रास्ता बना सकती हैं। बागपत जिले के छोटे से गांव जौहड़ी की रहने वाली साधारण महिला अपनी इच्छाशक्ति के बल पर अनेक पुरस्कारों से नवाजी गईं।"

दादी के नाम को अमरत्व मिलेगा
उन्होंने आगे लिखा था, "अगर उनके नाम पर नोएडा स्टेडियम की शूटिंग रेंज का नाम रखा जाएगा तो निश्चित रूप से सही मायने में उन्हें श्रद्धांजलि के साथ-साथ उनके नाम को अमरत्व प्रदान होगा। हमारी आने वाली पीढ़ी उस महिला को हमेशा याद करते हुए उस पथ पर चलने का प्रयास करेगी। जो उन्होंने हमारे देश को समाज को दिया है। अगर उनके नाम से नोएडा शूटिंग रेंज का नाम रखा जाएगा तो उसमें अभ्यास करने वाली हर नारी दादी चंद्रो तोमर को अपने में देखने की प्रयास करेगी।"

सीएम योगी ने की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, “नोएडा में स्थापित शूटिंग रेंज को अब प्रख्यात निशानेबाज, जीवटता, जिजीविषा व नारी सशक्तिकरण की प्रतीक 'चन्द्रो तोमर जी' के नाम से जाना जाएगा। 'चन्द्रो तोमर जी' के नाम पर शूटिंग रेंज का नामकरण, उत्तर प्रदेश सरकार के "मिशन शक्ति" अभियान की भावनाओं के अनुरूप मातृ शक्ति को नमन है।” नाम बदलने के फैसले का स्वागत करते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने सीएम योगी का आभार जताया। भाजपा विधायक ने कहा, रूढ़िवादी समाज से देश और दुनिया में अपने हुनर का लोहा मनवाने वाली,शूटर दादी चंद्रो तोमर को सही मायने में आज सच्ची श्रद्धांजलि मिली है। आभारी हूँ प्रदेश के मुख्यमंत्री जी का,जिन्होंने मेरी प्रार्थना को स्वीकार किया।”

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.