हमारा फर्ज है आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करे

नोएडा के पुलिस कमिश्नर ने कहा : हमारा फर्ज है आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करे

हमारा फर्ज है आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करे

Tricity Today | पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह

Noida News : बुधवार को पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर नोएडा के सेक्टर-108 में स्थित गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय में ध्वजारोहण किया गया। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने पुलिस झंडा दिवस के महत्व और इतिहास के बारे में जानकारी दी। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान आलोक सिंह ने कहा, "हमारा बस एक लक्ष्य है कि आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करे। हमें इसके लिए जो भी करना पड़ेगा जरूर किया जाएगा।"

पुलिस कमिश्रर आलोक सिंह ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को ध्वज प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस को यह ध्वज जवानों के शौर्य प्रदर्शन और उच्च कोटि की कर्तव्य परायणता के फलस्वरूप दिया गया। इसीलिए आज के दिन पुलिस झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस मौके पर पुलिस कमिश्नर ने पुलिस महानिदेशक डीएस चौहान की ओर से भेजे गए संदेश को उपस्थित पुलिस बल को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा, "हम सभी का कर्तव्य है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के बलिदान, सेवा और गौरवशाली इतिहास के प्रतीक इस ध्वज की शान को अनंत ऊंचाइयों तक लेकर जाएं।" 

झंडा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के सभी अधिकारी शामिल हुए। जिले के सभी पुलिस कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया गया है। पुलिस आयुक्त कार्यालय पर ध्वजारोण के अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) रवि शंकर छवि, पुलिस उपायुक्त (महिला एवं बाल सुरक्षा) डॉ.मीनाक्षी कात्यायन, स्टाफ ऑफिसर अनिल यादव और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.