48 घण्टों में 92 हजार चालान, 1.83 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया

नोएडा पुलिस का एक्शन : 48 घण्टों में 92 हजार चालान, 1.83 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया

48 घण्टों में 92 हजार चालान, 1.83 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया

Tricity Today | लापरवाह लोगों का चालान काट रही है नोएडा पुलिस।

  • नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कोरोनावायरस का संक्रमण बेकाबू है
  • घरों से निकलते वक्त मास्क नहीं पहन रहे सोशल डिस्टेंसिंग नहीं बरत रहे हैं
  • 91,713 लोगों का चालान किया गया है, इन लोगों ने मास्क नहीं पहने थे
  • इन पर 1,82,51,839 रुपये का जुर्माना किया गया है
Coronavirus in Noida : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कोरोनावायरस का संक्रमण बेकाबू है। इसके बावजूद लोग सुधरने और समझने के लिए तैयार नहीं हैं। घरों से निकलते वक्त मास्क नहीं पहन रहे हैं और भीड़ भरे इलाकों में सोशल डिस्टेंसिंग नहीं बरत रहे हैं। दूसरी ओर ऐसे लोगों को नोएडा पुलिस (Noida Police) कड़ा सबक सिखा रही है। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 48 घंटों में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में 91,713 लोगों का चालान किया गया है। इन लोगों ने मास्क नहीं पहने थे। इन पर 1,82,51,839 रुपये का जुर्माना किया गया है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कहा गया है कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सख्ती बरती जा रही है। बाजार में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस मुस्तैद है। मास्क नहीं लगा कर आने वाले लोगों को रोका जा रहा है। इन पर जुर्माना लगाया जा रहा है। पहली बार मास्क नहीं पहनने पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। जो व्यक्ति दूसरी बार पकड़ा जाता है उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। पिछले 48 घंटों के दौरान पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्यवाही की है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, रबूपुरा, दनकौर, जेवर, जहांगीरपुर, बिलासपुर, सूरजपुर, जारचा और कासना क्षेत्र में 91,713 लोगों के चालान काटे गए हैं। इन लोगों पर पुलिस ने भारी जुर्माना ठोका है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया है कि 2 दिनों में पुलिस ने 1,82,51,839 रुपए जुर्माने के रूप में वसूल किए हैं।

आपको बता दें कि इसी सप्ताह उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोनावायरस के संक्रमण से निपटने के लिए नियम-कायदों में व्यापक फेरबदल किया है। राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है कि अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर थूकते हुए मिलता है तो उस पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाए। अगर दूसरी बार ऐसा करता पाया जाए तो उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाए। इसी तरह अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर बिना मास्क लगाए घूमता पकड़ा जाए तो उस पर 1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। अगर दूसरी बार भी बिना मास्क लगाए व्यक्ति पकड़ा जाता है तो उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इतना ही नहीं पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा भी दर्ज कर सकती है।

दूसरी और आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर में पिछले 24 घंटों के दौरान 530 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 444 लोग स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौट गए हैं। गुरुवार को जिले में इस संक्रामक बीमारी के कारण 11 लोगों की मौत हुई है। अब तक नोएडा और ग्रेटर नोएडा में महामारी की चपेट में आने के कारण 169 लोग मर चुके हैं। इस वक्त जिले में 4088 सक्रिय मामले हैं। लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिले के अस्पतालों में 2 दिनों से ऑक्सीजन की भारी किल्लत है। ऐसे में अस्पतालों ने कोविड-19 के नए मरीजों को भर्ती करने से भी इनकार कर दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.