पुलिस ने 6 रेसिंग बाइक सीज कीं, 100 से ज्यादा को बॉर्डर से लौटाया

नोएडा में नहीं चलेगी स्टंटबाजी : पुलिस ने 6 रेसिंग बाइक सीज कीं, 100 से ज्यादा को बॉर्डर से लौटाया

पुलिस ने 6 रेसिंग बाइक सीज कीं, 100 से ज्यादा को बॉर्डर से लौटाया

Tricity Today | रेसिंग बाइक सीज

Noida News : रविवार की सुबह नोएडा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने शहर में स्पीड बाइक से रेसिंग व स्टंटबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली से शहर में घुसने की कोशिश कर रहे करीब स्टंटबाज बाइकर्स को डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर पार नहीं करने दिया। छह बाइकर पुलिस को गच्चा देकर शहर में घुसने में कामयाब हो गए। उन्हें थाना सेक्टर-39 पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने 6 स्पीड बाइक सीज की हैं। गौतमबुद्ध नगर के पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने साफतौर पर कहा है कि ऐसे लोगों को शहर में नहीं घुसने दिया जाएगा। अगर कोई बाइकर ओवर स्पीडिंग या स्टंट करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

रविवार सुबह 5:00 बजे ट्रैफिक पुलिस ने छेड़ा अभियान
रविवार की सुबह 5:00 बजे से ही नोएडा ट्रैफिक पुलिस डीएनडी पर चौकस हो गई। दिल्ली की ओर से रेसिंग और स्पीड बाइक लेकर आ रहे बाइकर्स को रोका गया और वापस भेज दिया गया। आपको बता दें कि हर रविवार की सुबह बड़ी संख्या में दिल्ली-एनसीआर के बाइकर्स नोएडा एक्सप्रेसवे से होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पहुंचते हैं। वहां बाइक रेसिंग करते हैं। जिसकी वजह से कई बार हादसे हो चुके हैं। दूसरे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ट्रैफिक पुलिस ने बॉर्डर से वापस भेजा
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि बाइकर्स को यमुना एक्सप्रेसवे पर ओवर स्पीड में बाइक चलाने और स्टंट आदि करने से रोकने के लिए रविवार की सुबह अभियान चलाया गया है। नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर चौकसी रही। डीएनडी नोएडा और चिल्ला बॉर्डर पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। किसी भी स्पीड बाइकर और स्टंटबाज को शहर में प्रवेश नहीं दिया गया है। इन लोगों को वापस भेजा जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर के डीसीपी (ट्रैफिक) गणेश साहा ने कहा कि हर रविवार की सुबह दिल्ली और एनसीआर के दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में युवा स्पीड बाइक्स लेकर शहर में दाखिल होते हैं। यह लोग नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होते हुए ग्रेटर नोएडा जाते हैं। वहां यमुना एक्सप्रेसवे पर जाकर ओवर स्पीड में बाइक दौड़ाते हैं। स्टंटबाजी करते हैं। पूर्व में कई हादसे हुए हैं। एक्सप्रेसवे पर दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा करते हैं। इन लोगों को रोका जा रहा है।

शहर में घुस गए छह बाइकर, पुलिस ने पकड़े
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ बाइकर इधर-उधर के रास्तों से पुलिस को गच्चा देकर शहर में घुस गए। इनके बारे में जैसे ही जानकारी मिली स्थानीय पुलिस ने धर पकड़ अभियान छेड़ दिया। नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में 6 बाइकर पकड़े गए हैं। पुलिस ने बताया कि इनकी बाइक सीज कर दी गई हैं। चालान काटे गए हैं। कानूनी कार्यवाही की जा रही है। आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने 2 दिन पहले नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया था। उन्होंने आदेश दिया था कि स्ट्रीट क्राइम और फास्ट मूविंग क्राइम पर कंट्रोल किया जाए। कमिश्नर के इसी आदेश पर अमल करते हुए रविवार को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नम्बर
गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने स्टंटबाज बाइकर्स के बारे में सूचना देने के लिए एक हेल्पलाइन नम्बर 9971009001 जारी किया है। ऐसे लोगों के बारे में इस नम्बर पर जानकारी दी जा सकती है। ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई करेगी। आपको बता दें कि सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार घटा दी गई है। कार जैसे हल्के वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा से कम करके 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। जबकि भारी वाहनों को केवल 60 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलने की इजाजत है। इससे तेज रफ्तार से यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को भारी जुर्माना चुकाना पड़ रहा है। ऐसे में धुंध व कोहरे के दौरान खराब मौसम में स्पीड बाइकर्स बड़ी परेशानी बन सकते हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर यह पाबंदियां 15 फरवरी तक लागू रहेंगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.