सांसद डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि ने दिया त्यागपत्र, कल जिला पंचायत के लिए किया था नामांकन

BREAKING: सांसद डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि ने दिया त्यागपत्र, कल जिला पंचायत के लिए किया था नामांकन

सांसद डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि ने दिया त्यागपत्र, कल जिला पंचायत के लिए किया था नामांकन

Tricity Today | सांसद डॉ. महेश शर्मा और सत्यपाल सिंह तालान

  • सांसद डॉ महेश शर्मा (MP Dr. Mahesh Sharma) के प्रतिनिधि सत्यपाल सिंह तालान (Representative Satyapal Singh Talan) ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है
  • एक दिन पहले ही उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वार्ड नंबर-5 से नामांकन कराया था
  • 6 मार्च को उन्होंने सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा को अपना इस्तीफा पत्र भेजा है
  • भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं
गौतमबुद्ध नगर (Gautam Budhh Nagar) के सांसद डॉ महेश शर्मा (MP Dr. Mahesh Sharma) के प्रतिनिधि सत्यपाल सिंह तालान (Representative Satyapal Singh Talan) ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। एक दिन पहले ही उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वार्ड नंबर-5 से नामांकन कराया था। इसके बाद यह तय हो गया था कि वह अपने पद से इस्तीफा देंगे। लेकिन उन्होंने नामांकन से पहले ही अपना त्यागपत्र भेज (Resignation Letter) दिया था। 6 मार्च को उन्होंने सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा को अपना इस्तीफा पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने लिखा है कि, “मैं सत्यपाल सिंह तालान निवासी मेवला गोपालगढ़ तत्काल प्रभाव से सांसद प्रतिनिधि के पद से त्यागपत्र देता हूं। कृपया इसे स्वीकार करने की कृपा करें।” 

पहले दिन ही नामांकन कराया था
बताते चलें कि यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सबसे कम सीटों पर गौतमबुद्ध नगर में चुनाव होने हैं। लेकिन भाजपा के लिए सबसे ज्यादा बागी उम्मीदवार इसी जनपद में मोर्चा खोल चुके हैं। सत्यपाल सिंह तालान भारतीय जनता पार्टी के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। माना जा रहा था कि पार्टी उन्हें वार्ड नंबर 5 से जिला पंचायत का उम्मीदवार घोषित करेगी। लेकिन मंगलवार की देर शाम को जारी सूची में उनका नाम नहीं था। इससे उन्हें गहरा ठेस पहुंचा और उन्होंने नामांकन के पहले दिन 7 अप्रैल को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन कराया। वह लंबे वक्त से गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि के तौर पर काम कर रहे थे।

अमित चौधरी को टक्कर देंगे
सत्यपाल तालान भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह मूल रूप से जेवर क्षेत्र के मेवला गोपालगढ़ गांव के रहने वाले हैं। सत्यपाल तालान ने जिला पंचायत के वार्ड नंबर-5 से नामांकन दाखिल किया है। जिला पंचायत के लिए नामांकन दाखिल करने वाले वह पहले प्रत्याशी बने हैं। मंगलवार की सुबह जिला मुख्यालय पर उन्होंने अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड नंबर-5 से जिला महामंत्री अमित चौधरी को मैदान में उतारा है। सत्यपाल तालान भाजपा प्रत्याशी अमित चौधरी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। 

पार्टी ने सुध नहीं ली
पार्टी के खिलाफ बगावत करने के मुद्दे पर सत्यपाल तालान ने कहा, "हम लोगों के सम्मान की सुध पार्टी को लेनी चाहिए थी। जरूरी नहीं कि मुझे टिकट दिया जाता। क्षेत्र में से किसी भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को टिकट दे देते। बाहरी उम्मीदवार लाकर हम लोगों के ऊपर थोप दिया गया है। जेवर क्षेत्र में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वर्षों से काम कर रहे हैं। अगर हम अपने गांव में पंचायत का चुनाव भी नहीं लड़ सकते तो फिर राजनीति करने का उद्देश्य क्या रह जाएगा? मैंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से बातचीत करके चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।"

पदाधिकारियों ने बात नहीं की
उनका कहना है कि अभी तक उनसे पार्टी के किसी पदाधिकारी ने बात नहीं की है। अगर पार्टी बात करेगी तो वह वार्ड नंबर-5 से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार का विरोध जरूर करेंगे। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय भाटी का कहना है, "अभी थोड़ी देर पहले यह जानकारी मिली कि सत्यपाल तालान ने नामांकन दाखिल किया है। मैं उनसे बात करूंगा। इसके बाद पार्टी हाईकमान को भी जानकारी दूंगा। राज्य मुख्यालय से जो निर्देश मिलेंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.