रक्षाबंधन पर रोडवेज ने कमाई के सारे रिकार्ड तोड़े, 3 मिलियन से ज्यादा का राजस्व मिला, पूरी जानकारी

नोएडा : रक्षाबंधन पर रोडवेज ने कमाई के सारे रिकार्ड तोड़े, 3 मिलियन से ज्यादा का राजस्व मिला, पूरी जानकारी

रक्षाबंधन पर रोडवेज ने कमाई के सारे रिकार्ड तोड़े, 3 मिलियन से ज्यादा का राजस्व मिला, पूरी जानकारी

Tricity Today | नोएडा रोडवेज बस

- रूट पर उतरी 181 बसें
- 4 हजार महिलाओं समेत 25 हजार यात्रियों ने किया सफर
- नोएडा से मेरठ, आगरा और हरिद्वार रूट पर चली बसें
- पिछले साल 15 हजार यात्रियों ने किया था सफर

कोरोना महामारी के बीच रक्षाबंधन पर रोडवेज ने कमाई के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। पिछले तीन वर्ष के मुकाबले इस बार नोएडा डिपो को रक्षाबंधन के दिन अच्छी कमाई हुई है। महिलाओं का किराया मुफ्त होने के बावजूद डिपो ने 32 लाख रुपये राजस्व प्राप्त किया है। त्योहार के दिन यात्रियों को सफर में किसी तरह की परेशानी न हो इसलिए सभी बसों को रूटों पर उतारा गया था, वहीं रात तक यात्रियों की डिपो पर भीड़ रही थी।

25 हजार यात्रियों ने किया सफर
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) एनपी सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन रोडवेज बसों में चार हजार महिलाओं समेत 25 हजार यात्रियों ने सफर किया। त्योहार के मद्देनजर चालक और परिचालकों का अवकाश रद्द कर उन्हें ड्यूटी पर आने के आदेश दिए गए थे। डिपो की 195 बसें हैं, इनमें 14 फिलहाल सरेंडर की हुई हैं। शेष 181 बसें दिल्ली, मेरठ, आगरा, हरिद्वार, बदायूं, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़ समेत विभिन्न जिलों और राज्यों में यात्रियों के लिए रवाना हुई है। 

181 बसें रूट पर थी
इससे पूर्व कोरोना के चलते यात्रियों की संख्या ज्यादा न होने के कारण कम बस चल रही थी, लेकिन रक्षा बंधन के दिन सभी बसों को रूट पर उतारा गया। बसों में यात्रा करने के लिए सुबह से ही रोडवेज पर यात्रियों का आना-जाना शुरू हो गया था। कोरोना नियमों का पालन कराते हुए एक बस में सीटों के हिसाब से ही सवारी बैठाई गई। बहनों का निश्शुल्क यात्रा के साथ मास्क तोहफे में दिया गया। शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक रोडवेज में 25 हजार यात्रियों ने सफर किया।

शनिवार को 22 लाख राजस्व प्राप्त किया
रक्षाबंधन से एक दिन पहले शनिवार को रोडवेज बसों में 18 हजार यात्रियों ने सफर किया। अधिकारियों के मुताबिक पिछले तीन वर्षों में रक्षाबंधन से एक दिन पहले रोडवेज में यात्रियों की संख्या इतनी नहीं रही है। वहीं, डिपो ने 22 लाख रुपये राजस्व भी प्राप्त किया है।

पिछले साल 15 हजार यात्रियों ने किया था सफर 
वर्ष 2020 में रोडवेज पर कोरोना की मार पड़ी थी। महामारी के बीच 15 हजार यात्रियों ने सफर किया था, जबकि 18 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया था। लेकिन इस बार रोडवेज ने अच्छी कमाई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.