भंगेल पहुंचे तहसील अधिकारी, पुश्तैनी घर की नाप-पैमाइश शुरू, एक इंच भी फालतू मिली तो...

नोएडा श्रीकांत त्यागी मामला : भंगेल पहुंचे तहसील अधिकारी, पुश्तैनी घर की नाप-पैमाइश शुरू, एक इंच भी फालतू मिली तो...

भंगेल पहुंचे तहसील अधिकारी, पुश्तैनी घर की नाप-पैमाइश शुरू, एक इंच भी फालतू मिली तो...

Tricity Today | श्रीकांत त्यागी के घर पहुंचे तहसील अधिकारी

Noida News : नोएडा अथॉरिटी द्वारा श्रीकांत त्यागी के अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने और नोएडा पुलिस द्वारा 25,000 रुपए का इनाम घोषित करने के बाद अब तहसील की टीम भी आरोपी के पुश्तैनी घर पर पहुंच गई है। तहसील के अधिकारी जमीन नापने वाला फीता और संबंधित कागज लेकर भंगेल पहुंचे हैं। जहां पर श्रीकांत त्यागी के घर की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अगर 1 इंच भी जमीन फालतू मिली तो उसको तहसील द्वारा तोड़ा जाएगा। मौके पर तहसीलदार और जमीनी विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। मौके पर पुलिस बल भी तैनात है।

5 अगस्त की दोपहर से शुरू हुआ मामला
बीते शुक्रवार 5 अगस्त 2022 की दोपहर को श्रीकांत त्यागी ने नोएडा के सेक्टर-93बी में स्थित एक महिला के साथ बदतमीजी और मारपीट की थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में श्रीकांत त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो में दिख रहा था कि श्रीकांत त्यागी बहुत ही गंदी लैंग्वेज में महिला के साथ बदतमीजी कर रहा है। जिसके बाद फेस-2 कोतवाली पुलिस ने श्रीकांत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

श्रीकांत के काफी फोटो भाजपा नेताओं और मंत्रियों के साथ मिले 
मुकदमा दर्ज होने के बाद पता चला कि श्रीकांत त्यागी काफी अवैध धंधों में लिप्त है। इतना ही नहीं उसके तमाम फोटो भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं के साथ सोशल मीडिया पर मौजूद है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर स्वतंत्र देव सिंह और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ उसके तमाम फोटो है। हालांकि, मामला वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ दिया कि श्रीकांत त्यागी नाम का कोई भी व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी का सदस्य नहीं है। इसको लेकर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी एक वीडियो जारी की थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि श्रीकांत त्यागी नाम को कोई भी व्यक्ति किसान मोर्चा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति में नहीं है। 

हाई पावर सिक्योरिटी में रहता था श्रीकांत उर्फ लंगड़ा त्यागी
जब श्रीकांत त्यागी का बैकग्राउंड मालूम किया तो पता चला कि श्रीकांत त्यागी के पास हाई पावर सिक्योरिटी है। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा उसको सुरक्षा भी प्रदान की गई है। इसके अलावा उसकी एक गाड़ी पर उत्तर प्रदेश शासन का स्टीकर भी लगा हुआ मिला। इस मामले में नोएडा पुलिस के अधिकारी ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि श्रीकांत त्यागी की गाड़ी पर जो उत्तर प्रदेश शासन का स्टीकर बरामद हुआ है, वह पूर्ण रूप से अवैध है। अभी तक नोएडा पुलिस ने इस मामले में श्रीकांत त्यागी की तीन गाड़ियों को सीज कर लिया है और नोएडा अथॉरिटी ने श्रीकांत त्यागी के अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया है। नोएडा अथॉरिटी ने यह कार्रवाई सोमवार की सुबह की है।

श्रीकांत त्यागी को गाजियाबाद से मिले थे गनर
भाजपा सरकार बनने के बाद 8 अक्टूबर 2018 को श्रीकांत त्यागी को गाजियाबाद से 3 गनर दिये गये थे। उस समय के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी होम अरविंद कुमार थे और गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्णा थे। यह जानकारी गाजियाबाद के मौजूदा एसएसपी मुनिराज जी ने रविवार को मीडिया को दी थी। एसएसपी ने जानकारी देते हुए यह भी बताया था कि गाजियाबाद पुलिस ने फिलहाल उसकी सुरक्षा हटा ली है।

लड़की वाले मामले के समय श्रीकांत त्यागी के पास थी पुलिस सुरक्षा
मिली जानकारी के मुताबिक जब लखनऊ में श्रीकांत त्यागी को उसकी पत्नी ने किसी अन्य लड़की के साथ रंगे हाथ पकड़ा था तो उस समय श्रीकांत त्यागी के पास पुलिस सुरक्षा थी। आपको बता दें कि श्रीकांत त्यागी का लड़की वाला यह मामला काफी तेजी के साथ वायरल हुआ था। इस मामले में श्रीकांत त्यागी की पत्नी ने उसके साथ पकड़ी गई लड़की के खिलाफ लखनऊ में मुकदमा दर्ज करवाया था और लड़की ने भी श्रीकांत त्यागी की बीवी मनु त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.