पांच बार टेंडर फेल, इन चार चुनौतियों से कैसे पार पाएगी नोएडा अथॉरिटी

Noida Times Square : पांच बार टेंडर फेल, इन चार चुनौतियों से कैसे पार पाएगी नोएडा अथॉरिटी

पांच बार टेंडर फेल, इन चार चुनौतियों से कैसे पार पाएगी नोएडा अथॉरिटी

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Noida News : नोएडा के सेक्टर-18 में न्यूयॉर्क शहर की तर्ज पर बनने वाले टाइम्स स्कवायर प्रोजेक्ट (Times Square Project) की शर्तों में बदलाव किया गया है। अब यह छोटे आकार में बनेगा। अभी तक यह 6,500 स्कवायर फिट में बनना था, लेकिन अब 2,500 स्कवायर फिट में बनेगा। पहले से तय आकार में टाइम्स स्कवायर बनाने के लिए पांच बार टेंडर जारी किया गया। कोई कंपनी आगे नहीं आई। नई शर्तों के हिसाब से प्राधिकरण जल्द टेंडर जारी करेगा। दरअसल, इस प्रोजेक्ट के सामने चार बड़ी चुनौतियां हैं। जिनका समाधान भी प्राधिकरण को तलाशना पड़ेगा। आखिर न्यूयॉर्क जैसा इकोसिस्टम नोएडा में तैयार कैसे किया जाएगा?

बीओटी सिस्टम पर बनाना चाहता है प्राधिकरण
टाइम्स स्कवायर बनाने का निर्णय करीब डेढ़ साल पहले लिया गया था। लेकिन अब तक इसकी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी। करीब सात महीने पहले प्राधिकरण ने टाइम्स स्कवायर बनाने के लिए टेंडर जारी किया। इसको न्यूयॉर्क की तर्ज पर बनाने का निर्णय लिया गया। सेक्टर-18 बहुमंजिला वाहन पार्किंग के पिछले हिस्से में दीवार पर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। यहां पर करीब एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम आरपी सिंह का कहना है कि टाइम्स स्कवायर में टावरों पर लाइव स्क्रीन लगेंगी। इन स्क्रीन पर कोई विज्ञापन, लाइव शो, लाइव मैच और फिल्म प्रसारित की जा सकेंगी। इसको बीओटी आधार पर बनाया जाएगा। जिस कंपनी को ठेका दिया जाएगा, वह खुद अपने पैसे से इसे तैयार करेगी। प्राधिकरण का कोई पैसा नहीं लगेगा। इसके बदले कंपनी को विज्ञापन का अधिकार दिया जाएगा।

5 बार टेंडर निकाला गया, कोई कंपनी नहीं आई
उप महाप्रबंधक आरपी सिंह ने बताया कि नोएडा में बनने वाला टाइम्स स्कवायर न्यूयॉर्क टाइम्स स्कवायर से छोटा होगा। पहले इसको 6,500 स्कवायर फिट में बनाने और चलाने के लिए 10 साल की लीज पर देने का निर्णय लिया था। 5 बार इस प्रोजेक्ट के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कोई कंपनी सामने नहीं आई है। लिहाजा, अब इस प्रोजेक्ट में व्यापक बदलाव किए गए हैं। एक बार फिर टेंडर निकाला जा रहा है।

प्रोजेक्ट के सामने चार चुनौतियां
  1. नोएडा में न्यूयॉर्क शहर जैसा इकोसिस्टम डेवलप करना आसान नहीं है। दरअसल, नोएडा शहर में ट्रैफिक की अव्यवस्था सबसे बड़ी समस्या है।
  2. नोएडा के सेक्टर-18 की ही बात करें तो वहां पार्किंग को लेकर अरसे से विवाद चल रहा है। सेक्टर में मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाई गई, लेकिन लोग वहां कार पार्क नहीं करते। 
  3. सड़कों से अवैध पार्किंग खत्म नहीं हो रही है। सफाई और सुरक्षा की कमी है। शहर के लोगों में अनुशासन की कमी है।
  4. सबसे बड़ा सवाल यह कि आखिर 3.3 लाख से 4.6 लाख पर्यटक रोजाना नोएडा क्यों आएंगे? नोएडा में अब तक कोई अच्छा टूरिस्ट डेस्टिनेशन डेवलप नहीं किया जा सका है।
आखिर क्या हैं न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर की खासियतें
न्यूयॉर्क शहर में टाइम्स स्क्वायर ब्रॉडवे और सेवंथ एवेन्यू के जंक्शन पर मिडटाउन मैनहट्टन में है। यह एक प्रमुख व्यावसायिक चौराहा, पर्यटन स्थल और मनोरंजन केंद्र है। कई बिलबोर्ड और विज्ञापन स्क्रीन से चमकते हुए यह पश्चिम में 42वीं और 47वीं सड़कों तक फैला हुआ है। इसे "दुनिया का चौराहा", "ब्रह्मांड का केंद्र", "ग्रेट व्हाइट वे का दिल" और "दुनिया का दिल" कहा जाता है। दुनिया के व्यस्ततम पैदल चलने वाले क्षेत्रों में से एक यह ब्रॉडवे थियेटर केंद्र है। दुनिया के मनोरंजन उद्योग का एक प्रमुख केंद्र है। टाइम्स स्क्वायर दुनिया के सबसे अधिक देखे जाने वाले पर्यटक आकर्षणों में से एक है, जो सालाना अनुमानित 5 करोड़ टूरिस्ट को आकर्षित करता है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.