टीकाकरण के बाद संक्रमित पाए गए दो स्वास्थ्यकर्मी, संपर्क में आए लोग हताश-परेशान, सीएमओ ने दी अहम जानकारी

Noida Covid-19 Vaccine News: टीकाकरण के बाद संक्रमित पाए गए दो स्वास्थ्यकर्मी, संपर्क में आए लोग हताश-परेशान, सीएमओ ने दी अहम जानकारी

टीकाकरण के बाद संक्रमित पाए गए दो स्वास्थ्यकर्मी, संपर्क में आए लोग हताश-परेशान, सीएमओ ने दी अहम जानकारी

Tricity Today | टीका लगवाते जिलाधिकारी सुहास एलवाई

नोएडा में कोरोना वायरस वैक्सीन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सेक्टर-39 स्थित सीएमओ ऑफिस के दो स्वास्थ्य कर्मियों ने इसी महीने टीकाकरण कराया था। पर बाद में दोनों कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग में अफरातफरी का माहौल है। उन दोनों के संपर्क में आए तमाम कर्मचारी अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। हालांकि महकमें के अधिकारियों का कहना है कि वैक्सीन और संक्रमण का कोई संबंध नहीं है। दोनों संक्रमित स्वास्थ्य कर्मियों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। 

बताते चलें कि सीएमओ ऑफिस में तैनात स्वास्थ्य कर्मी संतोष कुमार और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभारी पारस गुप्ता ने इसी महीने 5 फरवरी को सेक्टर-30 स्थित डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में वैक्सीन की पहली खुराक ली थी। उससे पहले दोनों स्वास्थ्य कर्मी बिल्कुल स्वस्थ थे और उनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं था। गत बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने फोकस टेस्टिंग अभियान चलाया। इसमें इन दोनों के सैंपल की भी जांच हुई।

दोनों कर्मचारी संक्रमित पाए गए है। उन्हें हॉस्पिटल के अलगाव कक्ष में रखा गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों कर्मचारियों ने बताया कि फिलहाल उन्हें वायरस के किसी लक्षण की शिकायत नहीं है। बेशक उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, पर उनकी सेहत बिलकुल ठीक है। जिला कंट्रोल रूम भी लगातार दोनों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां हासिल कर रहा है।

सुरक्षा नियमों का करें पालन
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण के बाद भी सभी को मॉस्क पहनना अनिवार्य है। इसके अलावा सोशल डिस्टेंसिंग और सेनेटाइजेशन जैसे नियमों का पालन किया जा रहा है। हालांकि कुछ कर्मचारी इसमें ढिलाई बरत रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दीपक ओहरी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरीर में एंटीबॉडी कोरोना वायरस वैक्सीन की दूसरी डोज के बाद ही विकसित होना शुरू होती है। 

पूरी तरह सुक्षित है वैक्सीन
फिलहाल जिले में स्वास्थ्य कर्मियों को कोविशील्ड और को-वैक्सीन की खुराक दी जा रही है। निर्देशानुसार इनकी दूसरी खुराक 28 दिन बाद दी जानी है। इसलिए दूसरी डोज लगने के 1 महीने बाद तक लाभार्थियों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोरोना का टीका बिल्कुल सुरक्षित है। इसके लगाने के बाद संक्रमण पाए जाने का टीकाकरण से कोई संबंध नहीं है।

अधिकारियों ने गुरुवार को लगवाए थे टीके
गुरुवार की सुबह ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण, गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह, अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार और जिलाधिकारी सुहास एलवाई राजकीय विज्ञान संस्थान पहुंचे। चारों अधिकारियों ने कोरोना वैक्सीन के टीके लगवाए। इसके बाद पुलिस-प्रशासन के अन्य अधिकारियों को भी वैक्सीन की डोज दी गई।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.