गौतम बुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को ‘हक की बात-जिला अधिकारी के साथ’ कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे। यह एक घंटे तक चलेगा। इस दौरान महिलाओं से जुड़ी समस्याओं मसलन दहेज उत्पीड़न, यौन हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न और कन्या भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील मुद्दों पर महिलाओं से चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक चलेगा। इसके लिए जिलाधिकारी कार्यालय का नंबर जारी किया गया है। डीएम से संवाद की इच्छुक महिलाएं ऑफिस के नंबर 987014 5599 पर निर्धारित समय में कॉल कर संवाद कर सकती हैं। इस कार्यक्रम का मकसद समाज में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक कराना है। दरअसल मिशन शक्ति अभियान, उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण कैंपेन है।
इसके जरिए महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाती है। बुधवार को इस अभियान के तहत जिलाधिकारी सुहास एलवाई यौन हिंसा, लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या, कार्य स्थल पर लैंगिक उत्पीड़न तथा दहेज हिंसा जैसे अपराधों से प्रभावित महिलाओं के साथ बातचीत करेंगे।